हमारे सौ दिन के काम के आगे नहीं ठहरते हुड्डा के10 साल : मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 10 साल के कार्यकाल पर उनका 100 दिन ही भारी है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 10 साल के कार्यकाल पर उनका केवल 100 दिन ही भारी है। उन्होंने चुनौती दी कि पूर्व मुख्यमंत्री हमारे 100 दिनों के कामकाज से अपने 10 साल के काम की तुलना कर लें। उनका कार्यकाल इस मामले में वर्तमान सरकार के कार्यों के आगे कहीं भी नहीं ठहरता है। मुख्यमंत्री ने यह बातें रविवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। वह यहां सिथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के कार्य का अवलोकन करने पहुंचे थे। यही पर उन्होंने राइट्स कंपनी की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया।
मीडिया के लोगों ने जब मुख्यमंत्री से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा उनके 100 दिन के कार्यकाल पर की गई टिप्पणी के बारे में पूछा, तो उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 10 साल के कार्यकाल पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्व कांग्रेस सरकार की हमेशा से यही मंशा रही थी कि किसानों की कितनी जमीन अधिग्रहित हो गई। कितनी जमीन के सौदे हो गए। कितने लोगों से धंधे कर लिए गए। हम इस प्रकार के कार्य कभी नहीं करेंगे। यदि पूर्व मुख्यमंत्री सिर्फ इस कारण से कह रहे हों कि काम नहीं हुए हैं, तो नहीं हुए हैं। न ही इस प्रकार के कार्य आगे होंगे। यह जनता की सरकार है और जनता के हित में ही कार्य करती रहेगी।