साइबर सिटी में पौधरोपण कर धरा बचाने का संदेश दे रही हैं तुर्की व कतर की लड़कियां
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण जरूरी है, जिसके लिए युवा से लेकर बुजुर्गों को संकल्प लेना होगा। इतना ही नहीं पौधों की सुरक्षा के उपाय करने होंगे। ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्र में इसके लिए विशेष रूप से जागरूकता लानी होगी। लगातार हो रहे पेड़ों के कटाव से पर्यावरण संरक्षण का खतरा बढ़ता जा रहा है और हरियाली पर ग्रहण लगता जा रहा है। यह कहना है इशिका और डेनिज का। साइबर सिटी की हरियाली बरकार रहे इसलिए तुर्की की डेनिज व दोहा की इशिका शहर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही हैं और लोगों को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने के लिए जागरूक कर रही हैं।
हंस राज, नया गुरुग्राम
पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण जरूरी है, जिसके लिए युवा से लेकर बुजुर्गों को संकल्प लेना होगा। इतना ही नहीं पौधों की सुरक्षा के उपाय करने होंगे। ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्र में इसके लिए विशेष रूप से जागरूकता लानी होगी। लगातार हो रहे पेड़ों के कटाव से पर्यावरण संरक्षण का खतरा बढ़ता जा रहा है और हरियाली पर ग्रहण लगता जा रहा है। यह कहना है इशिका और डेनिज का। साइबर सिटी की हरियाली बरकरार रहे इसलिए तुर्की की डेनिज व दोहा की इशिका शहर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही हैं और लोगों को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने के लिए जागरूक कर रही हैं। 'उत्थान' के साथ मिलकर कर रही हैं काम : दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैर-सरकारी संस्था 'उत्थान' के साथ मिलकर दोनों लड़कियां पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रही हैं। संस्था के सदस्यों के साथ मिलकर ये युवतियां पौधरोपण के साथ-साथ बागवानी के गुर और पौधौं की प्रजातियों के बारे में भी जानकारी दे रही हैं।
- ढाई महीने चलेगा अभियान: इस्तांबुल (तुर्की) की रहने वाली डेनिज मिमार सिनान फाइन आर्ट यूनिवर्सिटी की छात्रा हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की गैर-लाभकारी संस्था इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स इन इकोनॉमिक एंड कमर्शियल साइंस (एआइईएसईसी) के स्टूडेंट्स एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत दिल्ली आई हैं। कुतुब मीनार (दिल्ली) के नजदीक एक छात्रावास में रह रहीं डेनिज प्रतिदिन सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक का समय गुरुग्राम में बिताती हैं और उत्थान के साथ मिलकर शहर के विभिन्न हिस्सों में पौधरोपण करती हैं।
वहीं भारतीय मूल की इशिका दोहा कॉलेज (कतर) में बारहवीं की छात्रा हैं। छुट्टियां मनाने भारत आईं छात्रा अपने अभिभावकों के संग गुरुग्राम के सेक्टर-60 में रह रही हैं। पौधरोपण के साथ-साथ इशिका उत्थान संस्था के सहयोग से सेक्टर-51 में विकसित किए जा रहे तितली पार्क में कॉमन और ब्लू मॉर्मन प्रजाति की तितलियों के लिए ग्रीन हाउस बनाने में भी सहयोग दे रही हैं। जून के पहले सप्ताह से शहर में प्रतिदिन पौधरोपण कर रही छात्राओं ने बताया कि वो 14 अगस्त तक इस क्रम को जारी रखेंगी।
- पर्यावरण की समस्या विश्व समस्या है जिससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। यहां संस्था के लोगों के साथ इस दिशा में काम करने से रोज नया अनुभव मिल रहा है।
-डेनिज, इस्तांबुल (तुर्की)
-- मुझे प्राकृतिक खूबसूरती बहुत पसंद है इसलिए स्कूल की छुट्टियों का इस्तेमाल पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देने के लिए करना चाहा। अच्छा लग रहा है।
-इशिका, दोहा (कतर)