मासूम के अपहरण में तीन गिरफ्तार
बादशाहपुर इलाके से बुधवार सुबह एक मासूम का अपहरण करने के मामले में तीन आरोपितों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने कुछ ही घंटे बाद गांव बसई के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: बादशाहपुर इलाके से बुधवार सुबह एक मासूम का अपहरण करने के मामले में तीन आरोपितों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने कुछ ही घंटे बाद गांव बसई के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के गांव पघरा निवासी राजकुमार, नूंह जिले के गांव रानियां निवासी सोनू एवं गुरुग्राम के भवानी एन्क्लेव निवासी सीमा के रूप में की गई। सभी की उम्र 25-26 साल के बीच है। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली गई। पूछताछ के मुताबिक महिला के पति ने उसे छोड़ रखा है। इसे लड़की है। दोनों आरोपित युवक उसकी जान-पहचान के हैं। महिला ने दोनों युवकों से कहा कि उसे लड़का नहीं है इसलिए उसे लड़का चाहिए। दोनों ने महिला के कहने पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक बादशाहपुर इलाके में रहने वाले एक बुजुर्ग ने घर के बाहर चारपाई पर बुधवार सुबह दस बजे अपने सवा साल के पड़पोते को सुला रखा था। उसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और गोद में बच्चे को खिलाने के बहाने उसे उठा लिया। बुजुर्ग ने कहा कि आप लोग रुको। वह अपने पड़पोते के लिए कुछ अंदर से लाने जा रहे हैं। जब वह पांच मिनट बाद अंदर से बाहर आए तो देखा कि बच्चा गायब था। उन्होंने परिवार के लोगों को बताने के साथ पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम बच्चा सहित आरोपितों को ढूंढने में लग गई। रात लगभग नौ बजे एक महिला सहित तीन लोगों को बसई से गिरफ्तार कर लिया गया। पत्रकारों से बातचीत में पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजीव देशवाल ने कहा कि आरोपितों से पूछताछ में पता किया जाएगा कि वे किसी गिरोह से तो जुड़े नहीं हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस का सबसे पहला प्रयास यही था बच्चा सकुशल मिल जाए। क्राइम ब्रांच की टीम ने इस बारे में सराहनीय प्रयास किया है।