आसमान में छाये रहे बादल बनी रही बारिश की आशंका
साइबर सिटी में रविवार को मौसम का मिजाज रोजाना से काफी अलग रहा। सुबह वातावरण में हल्का कोहरा भी छाया रहा। रोजाना की तरह से धूप भी नहीं खिली।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: साइबर सिटी में रविवार को मौसम का मिजाज रोजाना से काफी अलग रहा। सुबह वातावरण में हल्का कोहरा भी छाया रहा। धूप भी नहीं खिली। सुबह से लेकर दोपहर तक धूप-छांव का खेल लगातार चलता रहा। दोपहर तीन बजे के बाद ही धूप पूरी तरह से गायब हो गई। आसमान में बादल छाये रहने से दिन भर बारिश की संभावना बनी रही। मौसम विभाग की ओर से बारिश होने का अंदेशा पहले ही जाहिर की गई थी।
शहर का अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के रुख को देखते हुए दिन भर ऐसा माहौल बना रहा कि किसी भी समय बारिश हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम में बदलाव से उन्हें बड़ी राहत मिली है। कुछ दिन पहले तक रोजाना सुबह से ही तेज धूप होने से गर्मी होने लगी थी। फिलहाल अब कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत रहेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कुछ दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है।