शहीद रणजीत सिंह की प्रतिमा का अनावरण
गांव नवादा फतेहपुर में शनिवार को शहीद रणजीत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। अनावरण राष्ट्रीय रायफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल बीएस सहरावत ने किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गांव नवादा फतेहपुर में शनिवार को शहीद रणजीत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। अनावरण राष्ट्रीय राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल बीएस सहरावत ने किया। रणजीत सिंह सन् 1962 में रेजांगला पोस्ट पर लड़ाई के दौरान शहीद हुए थे। भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला पोस्ट पर ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी गई थी। गोला-बारुद खत्म होने के बाद भारतीय सैनिकों ने हथियारों का उपयोग लाठी-डंडों के रूप में किया था। अपने देश 114 जवानों ने 3000 से अधिक चीनी सैनिकों को मार गिराया था। चीन का रेजांगला पोस्ट पर कब्जा नहीं हो पाया था।
प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल बीएस सहरावत ने कहा कि शहीदों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है। शहीदों व उनके परिजनों के सम्मान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना दुनिया की शक्तिशाली सेनाओं में से एक है। रेजांगला पोस्ट की लड़ाई दुनिया की आठ मुख्य लड़ाइयों में से पहली श्रेणी में आती है। उन्होंने युद्ध विरांगनाओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन के संयोजक डॉ. टीसी राव ने कहा कि शहीद रणजीत सिंह ने 1962 के युद्ध में अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहूति देकर सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि वह शहीदों के परिवारों के लिए 50 लाख रुपये की मुआवजा राशि, परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी और शहीद के गांव या स्कूल में शहीद की प्रतिमा लगवाने के लिए राज्य सरकार को कई बार पत्र लिखकर अनुरोध कर चुके हैं। समारोह में पार्षद सतीश कुमार, रघुबीर सिंह, सुरजभान, रामकुमार, पूर्व सरपंच गजराज सिंह, कप्तान बिरेन्द्र सिंह आदि शामिल हुए।