हरियाणा के शिक्षक जेएनयू छात्रों के समर्थन में
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ से जुड़े प्रदेश के शिक्षकों ने फीस वृद्धि के खिलाफ जेएनयू के छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ से जुड़े प्रदेश के शिक्षकों ने फीस वृद्धि के खिलाफ जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) के छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया है। यह जानकारी हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव, जिला प्रधान सुभाष यादव व जिला सचिव जसविदर ने दी।
उन्होंने कहा अध्यापक संघ दिल्ली में मंडी हाउस पर चल रहे जेएनयू छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि कुलपति की तानाशाही, सार्वजनिक व सस्ती शिक्षा के लिए तथा नई शिक्षा नीति, शिक्षक और छात्र विरोधी प्रावधानों को हटाने के लिए चल रहे आंदोलन में समर्थन देने व आंदोलन को व्यापक व मजबूत करने के लिए 28 नवंबर को अध्यापक संघ का 100 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा। एनसीआर में आने वाले जिलों से 10-10 तथा अन्य जिलों से 5-5 शिक्षक छात्र आंदोलन के समर्थन में शामिल होंगे।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित व विशिष्ट विश्वविद्यालय को बर्बाद करने के षड्यंत्र की निदा करता है। सरकार को चाहिए कि वह छात्रों से वार्ता कर समस्या का समाधान करे। विवि के वातावरण को पुन: शिक्षण योग्य बनाए। अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ विद्यार्थियों की इस लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगा और आंदोलन को तेज करने में समर्थन देगा।