यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 11, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
12 स्पा सेंटरों के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज
कोविड-19 को देखते हुए स्पा सेंटरों के संचालन पर रोक है लेकिन कुछ संचालक मानने को तैयार नहीं। शनिवार शाम ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: कोविड-19 को देखते हुए स्पा सेंटरों के संचालन पर रोक है, लेकिन कुछ संचालक मानने को तैयार नहीं। शनिवार शाम डीएलएफ फेज-एक थाना इलाके के सिटी कोर्ट नामक बिल्डिग में संचालित 12 स्पा सेंटर खुले मिले। सभी के संचालकों के साथ ही प्रबंधकों के खिलाफ भी स्थानीय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी सेंटर में अनैतिक कार्य किए जाने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
डीएलएफ फेज-एक की थाना प्रभारी मुनेश कुमारी ने बताया कि सूचना के आधार पर सिटी कोर्ट में छापेमारी की गई थी। टीम में 10 पुलिसकर्मी शामिल किए गए थे। टीम जब मौके पर पहुंची तो सूचना के मुताबिक ही सेंटर चल रहे थे। सभी संचालकों को चेतावनी दी गई है कि जैसे ही सूचना मिलेगी वैसे ही छापेमारी की जाएगी। किसी भी हाल में आपदा प्रबंधन एक्ट का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बता दें कि पिछले कुछ सालों के दौरान साइबर सिटी में संचालित 20 से अधिक स्पा सेंटरों में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया जा चुका है। कुछ दिन पहले ही एक स्पा सेंटर की महिला कर्मचारी ने पुलिस को फोन करके यौन शोषण किए जाने की शिकायत की थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि स्पा सेंटर खुला हुआ था। बता दें कि पुलिस आयुक्त केके राव के निर्देशानुसार सभी थाना पुलिस अपने इलाके में संचालित स्पा सेंटरों के ऊपर नजर रख रही है।
