विवाहिता की मौत के आरोपितों को भेजा जेल
चार दिन पहले वार्ड-छह के आंबेडकर कॉलोनी में रहने वाली 26 वर्षीय विवाहिता अलका की मौत के आरोपितों उसके पति महेंद्र एवं सास रेशम को अदालत ने शुक्रवार को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया।
संस, सोहना : चार दिन पहले वार्ड-छह के आंबेडकर कॉलोनी में रहने वाली 26 वर्षीय विवाहिता अलका की मौत के आरोपितों उसके पति महेंद्र एवं सास रेशम को अदालत ने शुक्रवार को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया। विवाहिता की मौत जहरीला पदार्थ निगलने से हुई थी।
इसी सप्ताह बुधवार को विवाहिता अलका को गंभीर हालत में सोहना के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया था। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान हालत गंभीर होने पर गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल के लिए रेफर किया था। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सात महीने पहले ही आठ जुलाई, 2019 को उसकी महेंद्र से शादी हुई थी। मृतका के पिता लक्खीराम द्वारा सिटी थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक, सभी आरोपित उसे अक्सर परेशान करते थे। इस बारे में उन्होंने कई बार समझाया, लेकिन उनकी सोच नहीं बदली। मामले में जांच अधिकारी जयप्रकाश का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।