कार्य निरीक्षण पर लगाए आरोप बेबुनियाद
गुरुग्राम रोडवेज डिपो में कार्यरत कर्मचारियों ने शुक्रवार को एक बैठक की। इस दौरान इन कर्मचारियों ने ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के खिलाफ नारेबाजी की।
जासं, गुरुग्राम: गुरुग्राम रोडवेज डिपो में कार्यरत कर्मचारियों ने शुक्रवार को एक बैठक की। इस दौरान इन कर्मचारियों ने ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि पिछले दिनों इस यूनियन के द्वारा कार्य निरीक्षक पर जो आरोप लगाए गए हैं वह पूर्णरूप से बेबुनियाद और निराधार हैं।
बैठक के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि सभी कर्मचारी कार्य निरीक्षक की कार्यशैली से खुश हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया की कुछ लोग काम नहीं करना चाहते हैं और कोविड-19 की आड़ में अपने घरों पर रहते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज करवाना चाहते हैं। जब उन्हें ऐसा नहीं करने दिया जाता है तो वह कार्य निरीक्षक पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। यही नहीं कर्मचारियों ने कार्य निरीक्षक पर कभी किसी भी कर्मचारी के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि कार्य निरीक्षक के काम से सभी संतुष्ट हैं और उन पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हैं।