बेकाबू कार ने रेहड़ी को मारी टक्कर, बच्ची की मौत, तीन घायल
साउथ सिटी इलाके में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार ने सब्जियों की रेहड़ी में टक्कर मार दी। इससे एक बच्ची की मौत हो गई।
जासं, गुरुग्राम: साउथ सिटी इलाके में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार ने सब्जियों की रेहड़ी में टक्कर मार दी। इससे एक बच्ची सहित चार लोग घायल हो गए। सभी को नजदीक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बच्ची की मौत हो गई। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बच्ची की पहचान नहीं हो पाई है। वह अपने परिजन के साथ पहुंची थी। बच्ची के परिजन घायलों में शामिल हो सकते हैं। बताया जाता है कि जहां पर हादसा हुआ है, उस जगह शाम के दौरान प्रतिदिन भीड़भाड़ रहती है। इसके बाद भी वाहन चालक रफ्तार कम नहीं करते हैं। पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। हादसे के बारे में जांच अधिकारी एएसआइ राजेंद्र से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।