हेरिटेज सोसायटी में मतदान के बाद परिणाम पर रोक
सेक्टर-102 स्थित हेरिटेज मैक्स कंडोमिनियम एसोसिएशन में मतदान होने के बाद चुनाव परिणाम पर रोक लगा दी गई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सेक्टर-102 स्थित हेरिटेज मैक्स कंडोमिनियम एसोसिएशन में मतदान होने के बाद चुनाव परिणाम पर रोक लगा दी गई। चुनाव परिणाम उच्च न्यायालय के आदेश पर रोका गया है। उच्च न्यायालय के आदेश आने के बाद ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
हेरीटेज मैक्स सोसायटी में सभी पदों के लिए नामांकन वापसी के दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और तीन कार्यकारिणी सदस्यों के पदों के लिए एक-एक उम्मीदवार मैदान में रह गए। इन सभी पदों पर सोसायटी के लोगों की आम सहमति बन गई । इन सभी पदों के लिए चुनाव निर्विरोध होने की घोषणा की जानी थी। अध्यक्ष पद के लिए नवल किशोर रुस्तगी, उपाध्यक्ष पद के लिए गुलशन कुमार लांबा के नामांकन ही बचे थे। कार्यकारिणी सदस्यों के लिए रविद्र कुमार चड्ढा, शेखर चंद्रा और सुरेंद्र कुमार माथुर के नाम रह गए थे। महासचिव पद के लिए दो उम्मीदवारों प्रवीण कुमार अरोड़ा व सत्येंद्र सिंह पुंडीर में चुनाव हुआ। संयुक्त सचिव पद के लिए हेमंत यादव व शीला माही में चुनावी मुकाबला था। कोषाध्यक्ष पद के लिए रविद्र बिष्ट और सविता भारद्वाज में चुनावी मुकाबला रहा। तीनों पदों के लिए मतदान होने के बाद उच्च न्यायालय का आदेश सामने आ गया। याचिकाकर्ता सुमन नेगी ने चुनाव अधिकारी को उच्च न्यायालय का आदेश दिया। उच्च न्यायालय ने आदेश दिया कि मतदान होने के बाद अगले आदेश तक चुनाव परिणाम घोषित न किया जाए। हेरिटेज मैक्स सोसायटी के कार्यकारिणी चुनाव आठ पदों के लिए होने थे। इनमें से नामांकन के बाद पांच पदों के लिए एक-एक नामांकन रहने पर चुनाव कराए जाने की जरूरत नहीं थी। तीन पदों के लिए चुनाव करा दिए गए थे। उसके बाद उच्च न्यायालय का आदेश आने पर परिणाम घोषित नहीं किए गए। न्यायालय के आदेशों की पालना सबसे पहले है।
- केएस यादव, चुनाव अधिकारी, हेरिटेज मैक्स सोसायटी