तेज गर्मी में पढ़ी गई रमजान के पहले जुमे की नमाज
गर्म हवाओं और तपते मौसम की मार के बावजूद काफी संख्या में रोजेदार शुक्रवार की दोपहर जामा मस्जिद पहुंचे और रमजान के पहले जुमे की नमाज पढ़ी। इस मौसम में आमतौर पर दोपहर में भीड़ भाड़ वाला सदर बाजार शांत रहता मगर शुक्रवार को जहां नजर जा रही थी टोपियां पहने नमाजी दिख रहे थे।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: तेज गर्मी के बीच बड़ी संख्या में रोजेदार शुक्रवार दोपहर जामा मस्जिद पहुंचे और रमजान के पहले जुमे की नमाज पढ़ी। भीड़ इतनी थी कि नमाजी मस्जिद के बाहर तक बैठे थे। गुरुग्राम शहर की 11 मस्जिदों के अलावा पार्को और सार्वजनिक स्थलों पर भी पहले जुमे की नमाज अकीदत और ऐहतराम के साथ पढ़ी गई। रविवार को गुरुग्राम में छठे चरण के लोकसभा चुनाव हैं। इसके मद्देनजर शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था है। जुमे की नमाज के वक्त भी जामा मस्जिद और सदर बाजार के आस-पास पुलिस मौजूद थी। मस्जिद प्रबंधन ने धूप से बचने के लिए शामियाना भी लगा रखा था।
शहर की मुख्य मस्जिद सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद के इमाम जान मोहम्मद ने कहा, रमजान नेमतों का महीना है। रोजे का मतलब केवल अल्लाह के लिए खाना-पीना छोड़ना नहीं बल्कि रूह को पाक साफ करना है। जाने अनजाने किए गए गुनाहों की माफी है। शरीर के अंगों पर नियंत्रण और दूसरे के दर्द को समझना है। जामा मस्जिद के अलावा पटौदी रोड स्थित मस्जिद, न्यू पालम विहार स्थित मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में रोजेदारों ने सामूहिक नमाज पढ़ी। नमाज के बाद कई लोग गरीबों को दान करते और खरीदारी करते दिखे।
सदर बाजार में रमजान के कारण काफी चहल पहल नजर आ रही है। मस्जिद के आस-पास के इलाकों में कई किस्म की सेवइयों, टोपियों की मौसमी दुकानें खुल गई हैं। इत्र और नए कपड़ों की आमद भी सदर बाजार में खूब हो गई है। सूखे मेवे, खजूर और फलों का बाजार की सदर बाजार के आस-पास गर्म रहता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप