आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विधायक आवास घेरा, पार्षद को दिया ज्ञापन
आंगनबाड़ी वर्कर्स तथा हेल्पर यूनियन की हड़ताल 45 वे दिन में प्रवेश कर गई। शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोहना के विधायक संजय सिंह के आवास का घेराव किया।
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर: आंगनबाड़ी वर्कर्स तथा हेल्पर यूनियन की हड़ताल 45 वे दिन में प्रवेश कर गई। शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोहना के विधायक संजय सिंह के आवास का घेराव किया। बाद में सोहना रोड स्थित नगर निगम के पार्षद कुलदीप यादव के कार्यालय पर पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। पार्षद ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनकी बात वरिष्ठ पदाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
जनवादी महिला समिति की उषा सरोहा, सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव रामनिवास ठाकरान, आशा वर्कर्स यूनियन की जिला की अध्यक्ष रानी देवी ने कहा कि सरकार एक या दो मांग पर टालमटोल कर रही है। जब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगें पूरी नहीं होंगी, हड़ताल जारी रहेगी। राज्य कमेटी की सदस्य सरला ने बताया प्रधानमंत्री द्वारा की गई घोषणा को तीन साल गुजर गये। 1500 व 750 का लाभ अभी तक नहीं मिला है ।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सोहना के विधायक संजय सिंह के आवास पर नारेबाजी करते हुए पहुंची। विधायक यूपी तथा उत्तराखंड चुनाव के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। वे घर पर मौजूद नहीं मिले। उसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने वार्ड-29 के निगम पार्षद कुलदीप यादव के कार्यालय पर पहुंच ज्ञापन सौंपा। कुलदीप यादव के साथ भाजपा के जिला मीडिया सह प्रभारी जयवीर यादव तथा बादशाहपुर मंडल के उपाध्यक्ष रमेश बेनीवाल भी मौजूद थे।
इधर, शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर गुड़गांव के विधायक विधायक सुधीर सिगला से भी मिलने के लिए काफी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पहुंची। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह उनकी मांगों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखेंगे।