हथियारों व सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया
यंग एसपी कांफ्रेंस व पुलिस एक्सपो-2020 का अवलोकन करने के लिए शुक्रवार को काफी संख्या में कॉलेज विद्यार्थी व आम लोग पहुंचे।
जासं, गुरुग्राम: सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में शुक्रवार को आयोजित यंग एसपी कांफ्रेंस व पुलिस एक्सपो-2020 का अवलोकन करने के लिए कॉलेज विद्यार्थी व आम लोग काफी संख्या में पहुंचे। सभी ने अत्याधुनिक हथियारों से लेकर सुरक्षा के अन्य उपकरणों के बारे में बारीकी से जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने दंगा नियंत्रक वाहन में बैठकर उसके बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीकी पर जोर देना आवश्यक है। तकनीकी के उपयोग से नुकसान कम होता है।
कार्यक्रम के नोडल ऑफिसर व पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक एवं पूर्वी) चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदर्शनी के लिए 120 स्टॉल लगाए गए थे। पूरे देश से युवा पुलिस अधीक्षकों के साथ ही अर्द्धसैनिक बलों से 150 प्रतिनिधि पहुंचे। औद्योगिक इकाइयों से लगभग 200 प्रतिनिधि पहुंचे। 300 से अधिक आम लोगों व विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सभी ने हरियाणा पुलिस एवं बीएसएफ की बैंड्स का भी जमकर आनंद उठाया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से सभी को दंगा नियंत्रक वाहन से लेकर अत्याधुनिक हथियारों के बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर प्राप्त हुआ।