साइबर अपराध से निपटने के लिए खोले जाएंगे नए साइबर थाने
प्रदेश के गृह एवं स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों क्राइम से निपटने के लिए नए साइबर थाने खोले जाएंगे।
महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)
प्रदेश के गृह एवं स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों क्राइम से निपटने के लिए नए साइबर थाने खोले जाएंगे। नशा के कारोबार से निपटने के लिए हरियाणा नारकोटिक्स ब्यूरो का गठन किया जाएगा। गुरुग्राम व फरीदाबाद नगर निगम का ऑडिट कराया जाएगा। गुरुग्राम व फरीदाबाद नगर निगम में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। अनिल विज ने आरटीसी भोंडसी में दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद दैनिक जागरण से खास बातचीत की।
अनिल विज ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को अपनी मनोस्थिति का आकलन करना चाहिए। जेल में रहकर मानसिक तनाव का शिकार हो गए है। भाजपा व जजपा गठबंधन की सरकार पूरे तालमेल के साथ चल रही है और चलेगी। उन्होंने कहा कि मेरे पास मानसिक तनाव करने की दवाई तो है पर मैं ओमप्रकाश चौटाला को देना नहीं चाहता वह मानसिक तनाव में ही ठीक है।
उन्होंने कहा सीआइडी विभाग गृह विभाग का अभिन्न अंग है। हरियाणा की आधिकारिक साइट पर सीआइडी विभाग मुख्यमंत्री के पास दर्शाने व बाद में हटाने का काम किसने किया। यह जांच का विषय है, लेकिन इस मुद्दे को विधानसभा में स्पीकर तक ले जाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सीआइडी विभाग किसके पास रहेगा यह तय करने का मुख्यमंत्री के पास पावर है, लेकिन इसके लिए पहले कैबिनेट की मंजूरी जरूरी है। विज ने कहा कि गृह मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद पुलिस की कार्यशैली को बेहतर तरीके से देखा है। पुलिस की कार्यशैली में बहुत बदलाव करने की जरूरत है। यह बदलाव करने के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है। गुरुग्राम पंचकूला में दो साइबर थाने अभी चल रहे हैं। अन्य कई थाने खोलने की जरूरत है जो जल्द खोले जाएंगे।
अनिल विज ने कहा कि अब पुलिस में एमटेक व बीटेक पास सिपाही भर्ती होकर आए हैं। उनको इसके लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी सवाल उठाते हैं कि भर्ती में प्रदेश से बाहर के लोग भर्ती कर दिए। आज जो 1766 जवान पासआउट हुए हैं, उनमें से 1755 हरियाणा प्रदेश के हैं जबकि 11 जवान दूसरे प्रदेशों से हैं।