नेताजी की तरह राष्ट्र के लिए जीना-मरना सीखें: जगराम
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति की ओर से जंग-ए-आजादी के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती ृहस्पतिवार को सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में मनाई गई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति की ओर से जंग-ए-आजादी के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में मनाई गई। इसमें नेताजी सुभाषचंद्र बोस के गनर रहे वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी जगराम एवं शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हरियाणा युवा आयोग के चेयरमैन यादवेंद्र सिंह संधू शरीक हुए।
स्वतंत्रता सेनानी जगराम ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस की तरह राष्ट्र के लिए जीना-मरना सीखें। वह चाहते तो बहुत बड़े अफसर के रूप में राज कर सकते थे लेकिन भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से आजाद करने का संकल्प लिया। कुछ ही वर्षों के दौरान पूरी दुनिया के सामने महान शख्सियत के रूप में स्थापित हो गए। उस समय के बड़े से बड़े नेता उनके सामने बौने साबित हो गए थे। इसके पीछे मुख्य कारण यह था कि वह न केवल अपने देश को आजाद कराना चाहते थे बल्कि उनकी सोच थी जो भी देश गुलामी का दंश झेल रहे हैं, उन्हें मुक्ति मिले। शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादवेंद्र सिंह संधू ने कहा कि महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस ही नहीं बल्कि देश के सभी महापुरुषों के बारे में बच्चों को शुरू से ही जानकारी दी जाए। इससे प्रेरित होकर वे राष्ट्र की मजबूती में बेहतर भूमिका निभाएंगे। मंच संचालन स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल एवं सूबेदार (रिटा.) बिजेंद्र सिंह ठाकरान ने किया। कवि सुनील शर्मा ने भी अपनी रचनाओं से देशभक्ति का माहौल बनाया। समारोह में जिला सैनिक बोर्ड के सचिव विग कमांडर (रिटा.) नरेशचंद शर्मा, कर्नल (रिटा.) कंवर भारद्वाज, कर्नल (रिटा.) आरसी चड्ढा, लेखराज राघव, अतर सिंह संधू, पुष्पा धनखड़, गुंजन मेहता, धर्मेंद्र गुर्जर, शम्मी अहलावत, सतीश चौहान, डॉ. सुरेश चौहान, कृष्ण मित्तल, सतबीर पहलवान, अभय जैन, रणजीत सिंह बेदी एवं सुदीप राठी, रोशनलाल, संदीप यादव आदि शामिल हुए।