अंतरराष्ट्रीय नेपाली संस्कृति परिषद का मनाया गया 13वां स्थापना दिवस
रविवार को सेक्टर 12 स्थित विवेकानंद आरोग्य संस्थान के सभागार में नेपाली संस्कृति परिषद अंतरराष्ट्रीय का 13 वां स्थापना दिवस और नेपाली भाषी हिन्दू महिलाओं का पवित्र पर्व हरतालिका तीज मिलन महोत्सव मनाया गया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सेक्टर-12 स्थित विवेकानंद आरोग्य संस्थान के सभागार में रविवार को अंतरराष्ट्रीय नेपाली संस्कृति परिषद का 13वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर नेपाली भाषी हिदू महिलाओं का पवित्र पर्व हरतालिका तीज मिलन महोत्सव भी मनाया गया जिसमें नेपाली सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह संयोजक महेंद्र सिंह मदीना ने बताया कि परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया और दिल्ली विश्व विद्यालय के सीपीडीएचई की निदेशक प्रोफेसर डॉक्टर गीता सिंह मुख्य अतिथि थीं। इस मौके पर सिक्किम में भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री नरेन्द्र कुमार सुब्बा, डॉ. निखिल बंसल विशिष्ट अतिथि थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार अस्वस्थ होने कारण समारोह में नहीं पहुंच सके। उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों को फोन के माध्यम से संबोधित किया।
समारोह में बड़ी संख्या में नेपाली भाषी गोरखा लोग और स्थानीय हरियाणवी लोगों शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गीता सिंह ने देश विरोधी शक्तियों से समाज को सतर्क रहने और संगठित रहने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सुब्बा ने कहा कि भारतीय नेपाली समाज सिक्किम, दार्जिलिग व असम मणिपुर के कुछ जिलों में बहुसंख्यक समाज है। इन लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि भाईचारे व संस्कृति को बढ़ावा दे। उन्होंने कहा कि नेपाली समाज भगवान राम को आराध्य देव मानता है। डॉ. निखिल बंसल ने कहा कि संस्कृति ही हमारी पहचान है और स्वस्थ स्वच्छ एवं शुद्ध जीवन द्वारा ही इसे और बल दिया जा सकता है। समाज सेवी महावीर भारद्वाज व अन्य बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।