यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gurugram: भारती एयरटेल कंपनी के कर्मचारियों के डाटा के साथ छेड़छाड़, साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
उद्योग विहार स्थित भारती एयरटेल कंपनी के कार्यालय में कर्मचारियों के डाटा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। उद्योग विहार स्थित भारती एयरटेल कंपनी के कार्यालय में कर्मचारियों के डाटा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। भारती एयरटेल कंपनी की तरफ से साइबर थाना पश्चिम में अज्ञात के विरुद्ध कई धाराओं में मामला दर्ज कराया गया।
कंपनी की तरफ से शिकायत में कहा गया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तक पहुंच प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ी की। वह कंपनी के कर्मचारियों की गोपनीय जानकारियां हासिल करना चाहते थे।
कंपनी के पूरे भारत में लगभग 17,000 कर्मचारी हैं। सभी का एक ऐप पर डाटा सुरक्षित है। इसमें कर्मचारियों के व्यक्तिगत टेलीफोन नंबर, बैंक खाता विवरण, पैन कार्ड नंबर, पति या पत्नी और परिवार के सदस्यों का विवरण व जानकारियां हैं।
बीते दिनों एक अज्ञात आईपी एड्रेस से कुछ लोगों ने कर्मचारियों का डाटा चोरी करने की कोशिश की। इसका पता चलने पर कंपनी ने एप का पासवर्ड बदल दिया। सुरक्षा सहायता के लिए साइबर पुलिस से संपर्क किया। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
