Delhi NCR Rain: दो दिन में टूटा वर्षा का रिकार्ड, जुलाई-अगस्त रहा सूखा; सितंबर ने कर दिया तर-बतर
Delhi NCR Rain जुलाई अगस्त के सूखे की कमी को लौटते मानसून ने पूरा कर दिया है। हालांकि जुलाई-अगस्त ही मानसूनी वर्षा होने का समय है और उस समय वर्षा नहीं होने से बाजरा मूंग धान आदि फसलें प्रभावित हुई थीं।
गुरुग्राम, संदीप रतन। क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से मानूसन के दो महीने का रिकार्ड दो दिन में ही टूट गया है। जुलाई-अगस्त पूरे दो महीनों में जहां मात्र 160 एमएम वर्ष हुई, वहीं दो दिनों (शनिवार सुबह आठ बजे) में 168 एमएम वर्षा हो गई। फिलहाल वर्षा का मौसम बना हुआ है और माैसम विभाग के मुताबिक 25 सितंबर को भी वर्षा होने का अनुमान है। अगर रविवार को भी तेज वर्षा हुई तो यह आंकड़ा 200 एमएम को पार कर जाएगा।
जुलाई अगस्त के सूखे की कमी को लौटते मानसून ने पूरा कर दिया है। हालांकि जुलाई-अगस्त ही मानसूनी वर्षा होने का समय है और उस समय वर्षा नहीं होने से बाजरा, मूंग, धान आदि फसलें प्रभावित हुई थीं, लेकिन इस वर्षा से रबी की फसलों सरसों आदि की बुवाई में मदद मिलेगी। किसानों को खेतों में बुवाई के लिए सिंचाई करने की जरूरत नहीं है।
पारा लुढका, मौसम हुआ सुहाना
वर्षा के बाद से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। 25 सितंबर के बाद वर्षा नहीं होने और आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है।