Priyanka vadra Gandhi: गुरुग्राम अरालियाज पेंटहाउस में प्रियंका गांधी परिवार सहित हुईं शिफ्ट
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ गोल्फकोर्स रोड डीएलएफ फेज-5 स्थित अरालियाज पॉश सोसायटी के अपने पेंटहाउस में शिफ्ट हो गईं।
नया गुरुग्राम [गौरव सिंगला]। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार रात लगभग 9 बजे अपने परिवार के साथ गोल्फकोर्स रोड डीएलएफ फेज-5 स्थित अरालियाज पॉश सोसायटी के अपने पेंटहाउस में शिफ्ट हो गईं। लुटियंस दिल्ली में सरकारी बंगला खाली करने के बाद यहां शिफ्ट हुई है, कयास लगाए जा रहे है कि अब अगले 2-3 माह यहीं रहेंगी।
सख्त हुई आसपास की सुरक्षा
मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम पुलिस ने उसके काफिले को दिल्ली-गुरुग्राम सीमा से लेकर अरालियाज सोसायटी तक पहुंचाया। उनका काफिला शुक्रवार को 8.55 बजे आवास परिसर पहुंचा। वह शनिवार सुबह दिल्ली वापस चली गई और शाम को फिर वापिस सोसायटी पहुंची। गुरुग्राम पुलिस ने इस परिसर के आसपास सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक पुलिस दल भी तैनात किया है। टावर 11 के नीचे उनकी सिक्योरिटी की लगभग 6 गाडिय़ा जिनमें इनोवा, स्कोर्पियो खड़ी थी और लगभग 20-22 सुरक्षाकर्मी सादे कपड़ों में तैनात हैं। इनमें महिला सुरक्षाकर्मी भी पूरी मुस्तैदी के साथ टावर के नीचे खड़ी हैं। इसके बाद टावर के लॉबी एरिया और फिर फ्लैट के बाहर भी सुरक्षाकर्मी तैनात है।
आसपास के लोगों को दी सुरक्षा की सूचना
सुरक्षा कारणों को देखते हुए शिफ्ट होने के समय सीसीटीवी फुटेज किसी को नहीं दिखाने की सख्त हिदायतें दी गई। वहीं सोसायटी के सुरक्षा गार्डों के भी मोबाइल ले लिए गए और पड़ोसियों को भी हिदायतें जारी की गई कि इस दौरान कोई भी फोटो या वीडियों सोशल मीडिया पर शेयर न करें।
सरकारी बंगला खाली करने के बाद हुईं शिफ्ट
प्रियंका गांधी ने सरकार से नोटिस मिलने के बाद लोधी रोड स्थित सरकारी बंगला खाली कर दिया है। अब, उसी क्षेत्र में एक घर चुना है, लेकिन वर्तमान में मरम्मत का काम चल रहा है, सूत्रों की मानें तो मरम्मत कार्य में दो से तीन महीने लग सकते हैं। इसलिए, वह उस अवधि के लिए यहां रह सकती है। वर्तमान में प्रियंका गांधी के पास जेड+ सुरक्षा है। उसके आने से पहले उसके सुरक्षा प्रभारी ने परिसर में और उसके आसपास निरीक्षण किया।