शर्मनाक: पुलिस ने रुकवाई कार तो सिपाही को ढाई किमी बोनट पर घसीटा
कार सवार ने इलाके में गश्त कर रहे एक सिपाही को टक्कर मार दी। जान बचाने के लिए वह बोनट पर चढ़ गए। इसके बाद करीब 2.5 किलोमीटर तक उसे घसीटा गया।
गुरुग्राम, जेएनएन। सेक्टर-सात एक्सटेंशन इलाके में रविवार रात लगभग 11 बजे एक एसेंट कार सवार ने इलाके में गश्त कर रहे एक सिपाही को टक्कर मार दी। जान बचाने के लिए वह बोनट पर चढ़ गए। इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी बल्कि लगभग ढाई किलोमीटर तक ले गया। पटौदी चौक के नजदीक सामने से कार आने पर जैसे ही चालक ने ब्रेक मारी, सिपाही कूद गए।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
उन्हें हल्की चोट आई है। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सोमवार देर शाम आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान शक्ति नगर निवासी कृष्णपाल सिंह के रूप में की गई। उसे मंगलवार दोपहर अदालत में पेश किया जाएगा। वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई है।
संदेह होने पर सिपाही ने किया रुकने का ईशारा
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक रविवार रात राइडर नंबर-57 की सेक्टर-सात एक्सटेंशन इलाके में डयूटी थी। लगभग 11 बजे सफेद रंग की एसेंट कार काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। संदेह होने पर सिपाही रोहित ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया।
बचने के लिए बोनट पर चढ़ा
बचने के लिए वह बोनट पर चढ़ गए। इसके बाद भी चालक ने स्पीड कम नहीं की। पटौदी चौक के नजदीक कार की स्पीड कम होने पर वह बोनट से कूद गए। कार के चारों शीशे काले थे। इस वजह से कार में कितने लोग बैठे थे, पता नहीं चल सका।
आरोपित गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि शिकायत सामने आते ही आरोपित की पहचान शुरू कर दी गई थी। सोमवार देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि इससे पहले भी इस तरह की वारदात सामने आ चुकी है। कुछ महीने पहले सेक्टर-29 पुलिस में तैनात एक सिपाही को भी एक कार चालक ने कुचलने का प्रयास किया था। यही नहीं खेड़कीदौला टोल पर तैनात एक कर्मचारी को कार चालक ने टक्कर मार दी थी। जान बचाने के लिए कर्मचारी बोनट पर बैठ गया था। इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी। लगभग तीन किलोमीटर बाद उन्हें उतारा था।