Haryana: पर्वतारोही डॉ. नरेंद्र सिंह को मिलेगा तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवॉर्ड, राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित
गुरुग्राम के मानेसर में रहने वाले डॉ. नरेंद्र सिंह का चयन तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवार्ड के लिए किया गया है।
मानेसर (गुरुग्राम), जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पर्वतारोही डॉ नरेंद्र सिंह को तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित करेंगे। गुरुग्राम के मानेसर में रहने वाले डॉ. नरेंद्र सिंह का चयन तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवार्ड के लिए किया गया है। पर्वतारोहण में इनकी उपलब्धियों को देखते हुए चयन समिति ने इनके नाम का चयन किया था। खेल मंत्री किरिन रिजिजू ने डॉ नरेंद्र सिंह के नाम पर सहमति दे दी।
राष्ट्रपति यह सम्मान डॉ नरेंद्र सिंह को 29 अगस्त को खेल दिवस के मौके पर देंगे। यह पुरस्कार पर्वतारोहण के साहसिक खेल में भारत सरकार की तरफ से दिया जाने वाला सबसे बड़ा पुरस्कार है। डॉ नरेंद्र सिंह ने 2012 में पर्वतारोहण के बेसिक, 2013 मे एडवांस, 2015 में एमोआइ के साथ सभी कोर्स पास किए। 20 मई 2016 को नेपाल के रास्ते माउंट एवरेस्ट फतेह किया। इसके साथ ही 5 महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया है।
पर्वतारोहण के क्षेत्र में बनाए 18 विश्व रिकॉर्ड
इनमें माउंट एवरेस्ट, किलिमंजारो को दो बार, एलब्रुस को ट्रेवल्स में, कोजास्को व ऑस्ट्रेलिया की 10 सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया व दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी एकंकागुआ को फतेह किया है। उन्होंने पर्वतारोहण के क्षेत्र में 18 विश्व रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। इसके साथ विश्व की सभी वर्ल्ड रिकॉर्ड संस्थाओ ने इनको वर्ल्ड किंग का सम्मान दिया है। पिछले वर्ष नरेंद्र सिंह को लॉस एंजेल्स डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट,लॉस एंजेल्स( यूनाइटेड स्टेट्स) की तरफ से डॉक्टर ऑफ मोटिवेशन की उपाधि से नवाजा गया। नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
बता दें कि पर्वतारोही डॉ नरेंद्र सिंह रेवाड़ी जिले के कोसली के मूल निवासी हैं। वह इस समय दिल्ली से सटे गुरुग्राम में रह रहे हैं। तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवार्ड के लिए चयन होने पर नरेंद्र सिंह के प्रशंशकों में खुशी की है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो