यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डीपफेक वीडियो के शिकार हुए देश के ये दिग्गज डॉक्टर, दवा के नाम फैलाया जा रहा झूठा दावा
देश के दिग्गज डॉक्टरों में शुमार मेदांता अस्पताल के सीएमडी डॉ. नरेश त्रेहन का एक वीडियो वायरल हो रहा है ...और पढ़ें

HighLights
- डीपफेक वीडियो में डॉ. त्रेहन 10 किलो तक मोटापा कम करने का दावा करते हुए दिखाई दे रहे
- अस्पताल की मार्केटिंग टीम की शिकायत पर साइबर ईस्ट थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मेदांता अस्पताल के सीएमडी डॉ. नरेश त्रेहन का डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में डॉ. त्रेहन 10 किलो तक मोटापा कम करने का दावा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
अस्पताल की मार्केटिंग टीम की शिकायत पर साइबर ईस्ट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मार्केटिंग टीम के हरीश अश्विनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डॉ. त्रेहन का फर्जी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
ऐसी दवा बनाने का दावा जिससे किसी का भी वजन होगा कम
उसमें वह दावा करते हुए दिखाई दे रहे हैं कि उनकी तरफ से ऐसी दवा बनाई गई है, जिससे कोई भी अपना वजन कम कर सकता है।
दो हफ्ते के अंदर 10 किलो तक वजन कम किया जा सकता है। इसके साथ ही 20 हजार भारतीयों पर इसका प्रयोग भी किया जा चुका है। वीडियो में दवा के बारे में अधिक जानकारी के लिए लिंक भी दिया गया है।
शिकायत में कहा गया कि फर्जी वीडियो से आम जनता में भ्रम पैदा हो सकता है। साइबर पुलिस मामला दर्ज कर वीडियो डालने वाले आरोपित का आइपी एड्रेस पता कर रही है।
