अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी ने डॉक्टर से कहा- 15 लाख दो, हटवा दूंगी दुष्कर्म का केस, जानें मामला
एक चिकित्सक को हनी ट्रेप में फंसाने की साजिश अंतराष्ट्रीय खिलाडी रजिया व उसकी मां ने रची थी। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सोहना (गुरुग्राम), जेएनएन। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी को हनी ट्रैप के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उक्त कार्रवाई करने वाली सोहना शहर थाना पुलिस का दावा है कि चार दिन पहले एक निजी अस्पताल के संचालक व उनके सहयोगी पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला व उसकी बेटी ने रकम ऐंठने के लिए साजिश रची थी।
इस कृत्य में महिला खिलाड़ी का दोस्त व एक अधिवक्ता भी शामिल था। उन्हें भी गिरफ्तार कर शनिवार को भोंडसी जेल भेजा जा चुका है। अधिवक्ता को अदालत से जमानत मिल चुकी है। सोहना के निकटवर्ती एक गांव निवासी महिला ने बृहस्पतिवार को सोहना थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि वह एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए गई तो डॉक्टर ने अपने सहायक के साथ मिल बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया था।
इस घटना के अगले दिन ही डॉक्टर के बेटे के मोबाइल पर महिला की बेटी की कॉल आई, जिसमें उनसे मामले को रफा-दफा कराने के लिए 15 लाख की रकम मांगी गई। कॉल आने के बाद डॉक्टर के बेटे ने पुलिस को सूचना दे दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद ने उनसे डील करने को कहा और पूरे मामले का वीडियो क्लिप बनाने के लिए आम लिबास में पुलिसकर्मी साथ लगा दिया।
इसके बाद महिला की बेटी अपने दोस्त व एक अधिवक्ता के साथ पहुंची तो डॉक्टर के बेटे ने मामला रफा-दफा करने के लिए 13 लाख की नकदी तथा दो लाख का चेक लिया। इसी दौरान थाना प्रभारी ने महिला पुलिस टीम के साथ छापेमारी कर सभी को गिरफ्तार कर नकदी व चेक बरामद कर लिया। कार्रवाई की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि दोनों केस अलग-अलग दर्ज हुए हैं।
दुष्कर्म के मामले में अभी एक आरोपित की गिरफ्तारी शेष है। जांच की जा रही है। अगर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सबूत नहीं मिले तो उसे रद कराने के लिए अदालत से सिफारिश की जाएगी। महिला खिलाड़ी कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में गोल्ड मेडल जीत चुकी है।
दिल्ली-एनसीआर की ख्बरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप