Gurugram Crime: एकाउंटेंट की हत्या के मुख्य आरोपित को जेल, ऑटो हटाने को कहने पर हुए विवाद में गई थी जान
गुरुग्राम में ऑटो हटाने को लेकर हुए विवाद में मंगलवार को एक अकाउंटेंट की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपित अरविंद को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया।
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। एकाउंटेंट मूलचंद वर्मा की हत्या के मुख्य आरोपित ऑटो चालक अरविंद कुमार को सिटी थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया। आरोपित अरविंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में गांव नांगल डरू का रहने वाला है।
अन्य की पहचान कर रही है पुलिस
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। सुभाष नगर में रह रहे मूलचंद वर्मा साइबा इंजीनियिरंग नामक निजी कंपनी में एकाउंटेंट थे। वह ट्रंक मार्केट से होते हुए घर स्कूटी से जा रहे थे। मार्केट में भरत किराना स्टोर के नजदीक ट्रैफिक का दबाव था।
नाराज होकर चालक ने की पिटाई
उन्होंने तेज आवाज में ऑटो चालक अरविंद कुमार से अपने वाहन हटाने को कहा। बताया जाता है कि आवाज लगाने के साथ ही उन्होंने ऑटो के शीशा पर हाथ मार दिया था। इससे शीशा टूट गया। इससे नाराज ऑटो चालक ने दौड़कर पीछे से एकाउंटेंट को पकड़ लिया। इसके बाद अपने साथियों के साथ मिलकर लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया। चोट लगने की वजह से वह बेहोश हो गए।
यह भी पढ़ें- Gurugram News: मृत व्यक्ति को जिंदा दिखा 2 भाइयों ने बैंक से ले लिया 58 लाख का लोन, आरोपितों पर मामला दर्ज
कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एसआइ अरविंद कुमार का कहना है कि विसरा रिपोर्ट से ही मौत की वजह सामने आएगा। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही अन्य आरोपित गिरफ्तार किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Gurugram Crime: ऑटो हटाने को कहा तो पीट-पीटकर कर दी हत्या, CCTV फुटेज की मदद से जांच में जुटी पुलिस