Gurugram: रंजिश में क्लब संचालकों पर दूसरे क्लब के बाउंसरों ने किया जानलेवा हमला, कई घायल
Gurugram Club रंजिश में एक क्लब के संचालकों पर दूसरे क्लब के बाउंसरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार सुबह लगभग पांच बजे की है। हमले में क्लब संचालक पंकज सचदेवा अश्वनी शर्मा और पंकज सचदेवा के पीएसओ नवीन को काफी चोट लगी है।
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। रंजिश में एक क्लब के संचालकों पर दूसरे क्लब के बाउंसरों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रविवार सुबह लगभग पांच बजे की है। हमले में क्लब संचालक पंकज सचदेवा, अश्वनी शर्मा और पंकज सचदेवा के पीएसओ नवीन को काफी चोट लगी है। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंकज और नवीन आइसीयू में हैं। दोनों के सिर में गहरी चोट है। अश्वनी के पैर में चोट है। पंकज की शिकायत के आधार पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
दिल्ली के द्वारका में रह रहे पंकज सचदेवा, अश्वनी शर्मा और नरेंद्र पाहूजा संयुक्त रूप से जोड़ो नामक क्लब सेक्टर-29 इलाके में चलाते हैं। क्लब में नियमित रूप से आने वाला सक्षम नामक युवक शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। पार्टी करने के बाद कहा कि वह पैसे घर भूल आया।
नियमित ग्राहक की वजह से पंकज ने कहा कि कोई बात नहीं। कर्मचारी को पैसे छोड़ने के लिए कहा। इसके सक्षम ने कहा कि नजदीक ही उसके जानकार का क्लब है। वहीं पर वह अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी करेगा।
उसकी बातों में आकर पंकज सचदेवा और अश्वनी शर्मा अपनी गाड़ी से बिग शाट नामक क्लब में पीएसओ नवीन के साथ पहुंचे। सक्षम अपने दोस्तों के साथ पहुंचा। पार्टी करने के बाद 10 हजार रुपये का बिल बना। पंकज ने ही पैसे दिए। इसके बाद जैसे ही वह क्लब से बाहर निकले वैसे ही सक्षम ने बाउंसरों के साथ हमला बोल दिया।
कहा कि काफी दिनों से आंखों पर चढ़ाकर रखा था। शोर होने पर पंकज के पीएसओ नवीन नजदीक पहुंचे तो उनके ऊपर भी हमला किया गया। इससे पंकज, अश्वनी और नवीन तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पंकज सचदेवा का आरोप है कि पूरी साजिश के तहत उनलोगों को क्लब में बुलाया गया था।
हमला करने के दौरान उनके से एक लाख 90 हजार रुपये, हीरे की एक अंगूठी, एक सोने की चेन और दो कीमती मोबाइल भी सभी ने लूट लिए। सेक्टर-29 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पवन कुमार का कहना है कि मारपीट की बात सामने आई है। रुपये और आभूषण लूट की सच्चाई आरोपितों की गिरफ्तारी से सामने आएगी। जल्द ही सभी गिरफ्त में होंगे।