J&K में अब नहीं उगेगी आतंकवाद की फसल, article 370 खत्म होने पर बोले पूर्व सेनाध्यक्ष Gurugram News
मूल रूप से जम्मू के रहने वाले पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल एनसी विज ने केंद्र सरकार के निर्णय को ऐतिहासिक करार दिया है।
गुरुग्राम [आदित्य राज]। मूल रूप से जम्मू के रहने वाले पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल एनसी विज ने केंद्र सरकार के निर्णय को ऐतिहासिक करार दिया है। उनका मानना है कि अब जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की फसल नहीं उगेगी। जल्द ही आतंकवाद का समूल नाश हो जाएगा। एक ही झटके में केंद्र सरकार ने राज्य की तस्वीर बदल दी। अब बदली हुई तस्वीर से राज्य की तकदीर बदलेगी। इसका बहुत ही लंबे समय से इंतजार था। पांच अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने नया जम्मू-कश्मीर देश के सामने ला दिया।
दैनिक जागरण से खास बातचीत में पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल एनसी विज ने कहा कि केंद्र सरकार खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ऐसा कदम उठाया है जिसकी प्रशंसा युगों युगों तक की जाएगी। आजादी के बाद से ही इस दिन का इंतजार था। यदि आजादी के बाद ही ऐसा कदम उठाया जाता तो आज जम्मू-कश्मीर कहां से कहां पहुंच जाता। इतना पैसा केंद्र सरकार से मिलने के बाद भी विकास नहीं हुआ। यदि विकास हुआ तो आतंकवाद का।
पीएम मोदी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद की फसल जम्मू-कश्मीर में उगाई। कई वर्षों तक उसने फसल भी काटी भी लेकिन अब समय समाप्त हो गया। अब वह आतंकवाद की फसल कश्मीर में नहीं उगा सकेगा। तस्वीर बदल चुकी है। केंद्र सरकार ने देश के एक-एक व्यक्ति को गौरवान्वित किया है। आज पूरा देश खुशी से झूम रहा है।
हर क्षेत्र में होगा तेजी से विकास
जम्मू-कश्मीर के लोग विकास चाहते हैं। वे भी देश के अन्य राज्यों की तरह जीना चाहते हैं। चाहे किसी धर्म या जाति से संबंध रखने वाले लोग हों वे आतंकवाद को पसंद नहीं करते। विज ने कहा कि जो लोग आतंकवाद को स्वीकार करते हैं वे भी मजबूरी में। हां कुछ अलगाववादी ताकतें हैं। उनकी मंशा पर केंद्र सरकार ने पानी फेर दिया है। अब उनकी दुकान नहीं चलने वाली। अब विकास की सोच रखने वालों की दुकान चलेगी। राष्ट्र के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वालों को ही लोग पसंद करेंगे। प्रदेश के सभी लोग आगे आएं और केंद्र सरकार के इस निर्णय को गले से लगाते हुए विकास की दिशा में अग्रसर हो जाएं।
पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ा है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने दिखा दिया है कि भारत किसी भी स्तर का निर्णय लेने में सक्षम है। आज देश सामरिक एवं आर्थिक सहित सभी क्षेत्रों में दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में सामने है। दुनिया के अधिकतर देशों से भारत के संबंध बेहतर हुए हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की देन है।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप