Gurugram: NCERT की नकली किताबों की बिक्री का मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने किया भंडाफोड़, 7 दुकानों पर की छापेमारी
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम का गैर कानूनी कार्यों पर शिकंजा कसने का अभियान जोरों पर चल रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने सदर बाजार में राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की नकली किताबों की बिक्री का पर्दाफाश किया।
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम का गैर कानूनी कार्यों पर शिकंजा कसने का अभियान जोरों पर चल रहा है। शनिवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने सदर बाजार में राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की नकली किताबों की बिक्री का पर्दाफाश किया।
सात दुकानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी की सूचना पाकर अन्य पुस्तक विक्रेता दुकानदार अपनी अपनी दुकान में बंद कर फरार हो गए। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता का दावा है कि फरार होने वाले दुकानदारों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। NCERT की नकली किताब की बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के पुलिस उपाधीक्षक इंद्रजीत सिंह को कई दिनों से NCERT के नकली किताबों की बिक्री होने की सूचना मिल रही थी। सूचना मिलने के बाद उड़नदस्ता की टीम ने अपने स्तर पर कई दिन तक सदर बाजार में पुस्तक विक्रेताओं के पास खुफिया रूप से जाकर पूरी जांच पड़ताल की। जांच पड़ताल में नकली किताबों की बिक्री की पुष्टि होने के बाद उड़नदस्ता की दर्जनभर टीमों का गठन किया गया।
NCERT के विशेषज्ञों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी साथ लिया गया। शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर सदर बाजार में कई पुस्तक विक्रेताओं के ठिकानों पर छापा मारा। छापा लगने की सूचना मिलने पर कुछ दुकानदार अपनी अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए। छापेमारी अभियान में भारी मात्रा में नकली किताबें बरामद हुई है। नकली किताब बेचने वाले दुकानदारों में छापेमारी अभियान से हड़कंप मचा हुआ है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नकली किताबों की बिक्री कर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नकली किताबें छात्रों के सेहत और आंखों के लिए बेहद हानिकारक है। नकली किताब छापने वाले घटिया कागज और शाही का प्रयोग करते हैं।
मामले को लेकर क्या बोले पुलिस उपाधीक्षक
अभी छापेमारी का अभियान चल रहा है। NCERT और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर मौके पर किताबों की जांच पड़ताल की जा रही है। अभियान पूरा होने के बाद जो भी किताबों की बरामदगी होगी। उसकी पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी। गैर कानूनी कार्य करने वालों के विरुद्ध मुख्यमंत्री उड़नदस्ता का अभियान लगातार जारी रहेगा।
-इंद्रजीत सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता