मां सिद्धिदात्री के पूजन के साथ शक्ति की उपासना संपन्न
या देवी सर्व भूतेषु शक्ति रुपैण संस्थिता नमस्तयै नमसतयै नमस्स्यै नमो नम .नौ दिनों तक देवी का मंत्रों से श्रद्धालुओं ने आह्वान किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: या देवी सर्व भूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम: ..नौ दिनों तक देवी का मंत्रों से श्रद्धालुओं ने आह्वान किया। पूजन के साथ मंत्रोच्चार के बीच देवी मां से वरदान की प्रार्थना की गई। . रूपं देहि जयं देहि यशो देहि द्विषो जहि- मां दुर्गा मुझे रूपवान बनाए, मुझे विजयी बनाएं मुझे यश दें और मेरे दुश्मनों का नाश हो। काम, क्रोध, लोभ, मोह, रूपी दुश्मनों के नाश की प्रार्थना भक्त देवी से करते रहे।
शक्ति की आराधना का अंतिम दिन हवन, पूजन और कंजिका पूजन के साथ संपन्न हुआ। नौ दिनों तक फलाहार पर रहकर व्रत रखने वाले लोगों ने हवन और पूर्णाहुति के बाद भोजन ग्रहण किया। हवन की सुगंध से पूरा शहर मां दुर्गा की भक्ति में डूब गया था। छोटी-छोटी बच्चियों का पूजन और उन्हें भोजन और दक्षिणा दिया जाना ऐसा लग रहा था, जैसे साक्षात देवी बाल रूप धर पधार गई हों। शहर के प्राय: सभी घरों में कंजिका पूजन किया गया। मंदिरों में भी कंजिका पूजन किया गया। मंदिरों के आस-पास मेले का नजारा था।
शीतला माता मंदिर में शनिवार, रविवार और सोमवार को भक्तों ने माता के दर्शन किए। रविवार को भक्तों की संख्या सर्वाधिक रही। नवमी के हवन पूजन में मंदिर के पुजारी और चौकी इंचार्ज राजेंद्र कुमार शामिल हुए। नवमी के हवन के बाद मंदिर में भक्तों ने माता शीतला के दर्शन किए। यहां नौ दिनों तक भक्तों को माता के दर्शन कराने और माता के पूजन में भाजपा नेता एडवोकेट कुलभूषण भारद्वाज ने पुजारियों की सहायता की। वे हर साल नवरात्र पर शीतला माता की सेवा में जुट जाते हैं।
सोमवार को नवमी पर दिन भर लोगों को तांता मंदिर में लगा रहा। रेलवे रोड स्थित माता चितपूर्णी के मंदिर में हवन पूजन किया गया। यहां काफी संख्या में भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन किए। सेक्टर 43 स्थित हनुमान मंदिर में यज्ञ किया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कैलाश बिहार दुबे समेत कई गण्यमान्य लोगों ने परिवार सहित हवन पूजन में हिस्सा लिया। सुदर्शन माता मंदिर में भी हवन पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। मदनपुरी स्थित माता मंदिर, सेक्टर 41 स्थित शक्तिपीठ मंदिर में हवन पूजन और भंडारे का कार्यक्रम चला।