हेलीमंडी में नपा लगवाएगी 75 सीसीटीवी कैमरे
हेलीमंडी क्षेत्र में सुरक्षा की ²ष्टि से जल्द ही नगरपालिका द्वारा 75 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इसे लेकर प्रस्ताव पास कर दिया गया है।
संवाद सहयोगी, हेलीमंडी: हेलीमंडी क्षेत्र में सुरक्षा की ²ष्टि से जल्द ही नगरपालिका द्वारा 75 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। इसे लेकर प्रस्ताव पास किया गया। यह प्रस्ताव पालिकाध्यक्ष सुरेश यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई हेलीमंडी नगर पालिका की बैठक में पास किया गया।
बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि चोरी व आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में सीसीटीवी कैमरे सहायक सिद्ध हो सकते हैं। इसलिए नगर पालिका में विभिन्न स्थानों पर लगभग 75 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने चाहिए। इस पर पार्षदों ने अपनी सहमति जताई एवं प्रस्ताव पारित कर दिया गया।
नगर पालिका की बैठक में कुछ सड़कों को कॉमर्शियल रोड भी घोषित किया गया। इनमें कुलाना रोड, पीली धर्मशाला से मिर्जापुर जाने वाला रोड, श्रीराम चौक से पीली धर्मशाला जाने वाला रोड व सैयद बाबा से दक्ष गार्डन तक जाने वाला रोड शामिल है। पालिका अध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि इससे नगरपालिका की आय बढ़ेगी।
बैठक में नगर पालिका में चल रहे नागरिक सुविधा केंद्र को अपग्रेड करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में नगर पालिका का बजट भी पारित किया गया। पारित बजट के अनुसार नगरपालिका को अगले वित्त वर्ष में 5.666 करोड़ की आय होने एवं 5.664 करोड़ का खर्च होने का अनुमान है।
इस अवसर पर पालिका सचिव संजय रोहिल्ला, एमई अनिल, जेई मनोज, पालिका उपाध्यक्ष विक्रांत चौहान, राजेंद्र गुप्ता, मौसम डागर छिल्लर, राजीव चौहान, नीरू शर्मा, मंजू चौहान, अमित शर्मा, विकास यादव, रिकू व प्रदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।