मां सिखाती है बच्चों को जीवन जीने की कला: मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हर इंसान के जीवन में मां की भूमिका अहम होती है। वह बच्चे को जीवन जीने की कला सिखाती है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हर इंसान के जीवन में मां की भूमिका अहम होती है। वह बच्चे को जीवन जीने की कला सिखाती है। वह बच्चे की पहली शिक्षक व प्रशिक्षक होती है। हर इंसान के जीवन में मां की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में मदर्स फॉर स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एप लांच किया जा रहा है। इसके माध्यम से माताओं को अपने घर के समीप खेल-कूद व फिटनेस से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी मिलेगी, ताकि वह अपने बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट बनाने के लिए प्रेरित कर सकें।
मुख्यमंत्री ने यह बातें रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में कहीं। महाविद्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री ने राज्यव्यापी पोषण पखवाड़ा (आठ मार्च से 22 मार्च) का शुभारंभ किया। पोषण पखवाड़े से संबंधित जागरूकता बुकलेट का भी उन्होंने विमोचन किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए प्रदेश के सभी 22 जिलों में पोषण अभियान का संकल्प भी मुख्यमंत्री ने दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों व महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में सरकार द्वारा उल्लेखनीय कदम बढ़ाए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा के मद्देनजर प्रदेश में तीन लाख 90 हजार स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। अगले दो साल में एक लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रावधान भी किया गया है, जबकि अब तक पूरे प्रदेश में दो लाख सीसीटीवी कैमरे इंस्टाल किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना के तहत शिक्षण संस्थान तक पहुंचने के लिए वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस मौके पर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि आज हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। प्रदेश की महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है। प्रदेश की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने कहा कि राज्य में किशोरियों, गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं को कुपोषण से मुक्त बनाने के लिए 15 दिनों तक स्वास्थ्य जांच शिविर, जागरुकता अभियान व बेसलाइन सर्वेक्षण किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने दुर्गा शक्ति एप की जानकारी महिलाओं को दी। कार्यक्रम के दौरान मेयर मधु आजाद, विधायक सुधीर सिगला, विधायक सत्यप्रकाश जरावता, भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की चेयरपर्सन गार्गी कक्कड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।