हरियाणा प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक आज, तैयारियां पूरी
हरियाणा प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक शनिवार को सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में होगी। इसे लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: हरियाणा प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक शनिवार को सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में होगी। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस संबंध में उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के सभी सदस्य, कार्यकर्ता, सभी विधायक, हरियाणा से भाजपा के सभी 10 सांसद, विधानसभा चुनाव के सभी प्रत्याशी, सभी पूर्व विधायक समेत सभी पूर्व सांसद आमंत्रित किए गए हैं।
प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की इस बैठक में संगठन की भावी रणनीति तैयार करने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बड़े मंथन के दौरान 75 प्लस अभियान के फेल होने को लेकर पूरा हिसाब-किताब किया जाएगा। बता दें कि विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश कार्यसमिति की यह पहली बैठक होगी। विधानसभा चुनाव में मात खाने वाले सभी 50 उम्मीदवारों से पता किया जाएगा कि वह किस कारण से हारे। चुनाव अभियान के प्रत्येक चरण की इस बैठक में गहन चितन और मंथन किया जाएगा। हरियाणा विधानसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद से ही भाजपा में काफी हलचल है। पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक को भी इस बैठक में सभी के समक्ष रखा जाएगा, ताकि पार्टी भविष्य में अपनी मजबूती के लिए बेहतर में रणनीति तैयार कर सके।
बैठक में सभी नेता अलग-अलग सत्रों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यों पर चर्चा करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष विशेष रूप से बैठक में मौजूद रहेंगे। कार्यसमिति की इस बैठक पर भाजपा केंद्रीय संगठन की भी नजर है। इस बैठक के माध्यम से जमीनी स्तर पर संगठनात्मक संरचना को मजबूती प्रदान करने को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। प्रदेश भाजपा मीडिया संयोजक सूरजपाल सिंह अम्मू ने बताया कि हरियाणा प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।