गणित शिक्षकों को दिया जा रहा है वैदिक गणित का प्रशिक्षण
सत्र 2020-21 से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वैदिक गणित के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा।
जासं, गुरुग्राम: सत्र 2020-21 से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वैदिक गणित के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा। गणित के डर को कम करने के लिए हरियाणा शिक्षा निदेशालय वैदिक गणित का सहारा लेने जा रहा है। वैदिक गणित के माध्यम से वर्षों से चले आ रहे गणित विषय के पाठ्यक्रम से हटकर कक्षा छह से दस तक के विद्यार्थियों को सरल और आसान तरीके से पढ़ाया जाएगा। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेमलता यादव ने बताया कि वैदिक गणित के लिए एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) में गणित शिक्षकों को एक सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बता दें कि वैदिक गणित, विषय को सीखने की पुरानी विधा है। यह गणित को हल करने का सबसे सरल उपाय है। गणित के जिन फार्मूलों को करने में कई मिनटों को समय लगता है वैदिक गणित में यह कुछ ही सेकंड में काम होता है। गुणा, भाग, पहाड़े, वर्ग, घन वर्ग, गुणनखंड आदि को विद्यार्थी मौखिक बता सकता है।