विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानेसर में लेबर चौक के पास लहूलुहान मिला 32 वर्षीय युवक का शव, सीने में धंसा था चाकू का टुकड़ा

Published: Tue, 15 Sep 2026 06:03 PM (IST)

मानेसर के लेबर चौक के पास एक 32 वर्षीय युवक ललतू का शव चाकू के वार से लहूलुहान अवस्था में ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सीने में चाकू का टूटा हुआ हिस्सा मिला है।

पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सीने में चाकू का टूटा हुआ हिस्सा मिला है।

HighLights

  1. मानेसर में 32 वर्षीय युवक ललतू की चाकू मारकर हत्या।

  2. लेबर चौक के पास लहूलुहान अवस्था में मिला शव।

  3. पोस्टमार्टम में मृतक के सीने में चाकू का टुकड़ा मिला।

जागरण संवाददाता, मानेसर (गुरुग्राम)। आईएमटी मानेसर में सोमवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव मंगलवार सुबह लेबर चौक के पास लहूलुहान अवस्था में पाया गया। पुलिस ने मृतक के साले की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सीने में चाकू का टूटा हुआ हिस्सा मिला है।

मृत युवक की पहचान मूल रूप से लखनऊ के सरावा गांव निवासी 32 वर्षीय ललतू के रूप में की गई। पुलिस को दी शिकायत में ललतू के साले अनिल ने बताया कि वह अपने जीजा ललतु के साथ कांकरौला गांव में किराये से रहते हैं। दोनों सोमवार सुबह आईएमटी मानेसर के सेक्टर-चार स्थित एक कंपनी में नौकरी के लिए आए थे।

अनिल के पास पैन कार्ड न होने के कारण कंपनी ने उन्हें नौकरी पर नहीं रखा, जबकि उनके जीजा ललतू को काम पर रख लिया गया। इसके बाद अनिल अपने कमरे पर लौट गए। शाम को पत्नी ने ललतू से फोन पर बात की तो उन्होंने रात करीब 12 बजे घर आने की बात कही। लेकिन वह रात को घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने ललतू की पत्नी को फोन कर बताया कि उनका शव लेबर चौक पर पड़ा है।

स्वजन मौके पर पहुंचे तो ललतू के सीने पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। सूचना पर आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। दूसरी ओर पोस्टमार्टम करने वाले डाॅक्टरों ने बताया कि मृतक के सीने के पास चाकू का एक टुकड़ा अंदर मिला है।