हरियाणा सरकार ने जारी किए 104 करोड़ रुपये, 2 साल में बनकर तैयार होगी मानेसर नगर निगम की नई बिल्डिंग
गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम कार्यालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, सरकार ने शहरी स्थानीय निकाय को 104.14 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए हैं।
-1792227315436_m.webp)
सरकार ने 104 करोड़ 14 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए हैं। AI जनरेटेड
HighLights
सरकार ने मानेसर नगर निगम कार्यालय के लिए 104 करोड़ रुपये दिए।
अगले सप्ताह 2.99 एकड़ जमीन निगम को हस्तांतरित होगी।
मानेसर में 7 मंजिला आधुनिक कार्यालय दो साल में बनेगा।
गोविन्द फलस्वाल, मानेसर (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में मानेसर नगर निगम कार्यालय के लिए फंड की दिक्कत दूर हो गई है। कार्यालय के लिए सरकार द्वारा शहरी स्थानीय निकाय को करीब 104 करोड़ 14 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए हैं। इससे नगर निगम के कार्यालय को बनने का रास्ता साफ हो गया है।
करीब 2.99 एकड़ जमीन हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन (एचएसआइआइडीसी) द्वारा अगले सप्ताह नगर निगम के नाम ट्रांसफर कर दी जाएगी।
नगर निगम द्वारा एचएसआइआइडीसी के खाते में सोमवार या मंगलवार को पैसे ट्रांसफर करने के बाद जमीन नगर निगम की हो जाएगी।
नगर निगम का अपना कार्यालय बनाया जाने से लोगों को काफी सुविधा हो जाएगी। यह कार्यालय आइएमटी चौक के नजदीक सेक्टर दो में बनाया जाएगा। यहीं पर एचएसआइआइडीसी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मानेसर तहसील और बिजली विभाग का उपमंडल स्तरीय कार्यालय है। यहीं पर मानेसर उपमंडल अधिकारी भी बैठते हैं। इससे लोग एक स्थान पर ही अपनी सभी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
इंजीनियरिंग शाखा ने की एस्टीमेट की तैयारी
नगर निगम मानेसर के लिए जमीन मिलने के बाद यहां कार्यालय निर्माण का कार्य शुरू होगा। इसके लिए भी करीब सौ करोड़ रुपये का खर्च आने की संभावना है। नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा द्वारा इसका एस्टीमेट बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
बताया कि जमीन ट्रांसफर होने के बाद नगर निगम द्वारा इमारत निर्माण का कार्य किया जाएगा। इसमें जो खर्च आएगा उसका भुगतान नगर निगम द्वारा अपने स्तर पर किया जाएगा। 2.99 एकड़ जमीन में कांफ्रेंस हाल के साथ सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए कमरे तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही पार्किंग की व्यवस्था भी अलग से की जाएगी।
7 मंजिला इमारत के रूप में बनेगा कार्यालय
नगर निगम मानेसर द्वारा नगर निगम के कार्यालय की इमारत को सात मंजिला इमारत के रूप में तैयार करने की योजना बनाई है। आने वाले समय में बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए इस इमारत का निर्माण कराया जाएगा।
जमीन मिलने के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि अगले दो साल के अंदर नगर निगम का अपना कार्यालय तैयार हो जाएगा। अभी नगर निगम का कार्यालय किराए की इमारत में चल रहा है। इसके लिए नगर निगम द्वारा प्रति माह करीब 25 लाख रुपये किराया दिया जा रहा है। नगर निगम के एक्सईएन मंदीप धनखड़ का कहना है कि जमीन मिलते ही आगे का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
