विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम: 47 करोड़ के एलिवेटेड प्रोजेक्ट के लिए मानेसर में ट्रैफिक डायवर्ट, बड़े वाहनों के लिए नई एडवाइजरी

Published: Mon, 20 Jul 2026 05:25 AM (IST)

मानेसर में एलिवेटेड रोड निर्माण के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों का ट्रायल डायवर्जन शुरू हुआ। बड़े वाहनों को आईएमटी ...और पढ़ें

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिल्ली से जयपुर साइड को किया गया बंद। जागरण

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिल्ली से जयपुर साइड को किया गया बंद। जागरण

HighLights

  1. मानेसर में एलिवेटेड रोड निर्माण हेतु यातायात डायवर्जन।

  2. दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बड़े वाहनों का मार्ग बदला।

  3. एनएचएआई द्वारा 47 करोड़ की लागत से निर्माण।

जागरण संवाददाता, मानेसर (ग्रुरुग्राम)। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव मानेसर में बनने वाले एलिवेटेड के लिए शनिवार देर रात से रोड को बंद कर दिया गया है। दिल्ली से जयपुर जाने वाली साइड में वाहनों को सर्विस लेन पर छोड़ा गया है।

रविवार को वाहनों का दबाव कम रहने से ज्यादा जाम नहीं लगा। पिछले सप्ताह भी एक दिन के लिए वाहनों को सर्विस लेन पर छोड़ा गया था जिससे काफी लंबा जाम लग गया था। जयपुर से दिल्ली की तरफ के वाहनों के लिए पहले ही एडवाइजरी जारी की जा चुकी है।

दिल्ली से जयपुर जाने वाले बड़े वाहन आइएमटी चौक से आइएमटी के अंदर से होते हुए झुंड सराय केएमपी एक्सप्रेस वे के माध्यम से पचगांव चौक पर आएंगे। बड़े वाहनों को आइएमटी चौक से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इसके लिए हाईवे पर नोटिस बोर्ड भी जल्द ही लगाए जाएंगे।

खर्च किए जाएंगे 47 करोड़

जाम की स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक मार्शल भी तैनात किए गए हैं। बता दें कि, मानेसर गांव में एलिवेटेड बनाया जाना है। इसके लिए करीब 47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एनएचएआई द्वारा यह एलिवेटेड बनाया जाना है। इसका कार्य शुरू हो चुका है।

मानेसर क्षेत्र को नो एंट्री जोन में भी शामिल किया जा चुका है। सभी औद्योगिक संस्थानों को भी इसके बारे में एचएसआइआइडीसी द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। मानेसर मार्केट में आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर दो में एचएसआइआइडीसी कार्यालय के सामने पार्किंग बनाई गई है।

सर्विस लेन पर खड़े रहने वाले वाहनों के कारण काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली से जयपुर की तरफ रविवार कई गाड़ियां खड़ी थी। इसके कारण अन्य वाहन चालकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

बड़े वाहनों की पचगांव चौक और आइएमटी चौक से आगे नहीं होगी एंट्री

बड़े कमर्शियल वाहनों के लिए पचगांव चौक और आइएमटी चौक पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इन वाहनों को केएमपी एक्सप्रेस वे होते हुए टीसीआई चौक से आइएमटी सेक्टर आठ होते हुए दिल्ली जयपुर हाईवे जाने की सलाह दी गई है।

ऐसे ही दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहनों को आइएमटी चौक से आइएमटी होते हुए टीसीआई चौक और केएमपी एक्सप्रेस वे पर भेजा जाएगा। छोटी गाड़ियों को मानेसर जाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। आइएमटी चौक से गलत दिशा में जाने वाले वाहनों के खिलाफ भी सख्ती बरती जाएगी।

बसों के लिए आइएमटी चौक पर पावर हाउस के सामने अस्थायी बस स्टाप बनाया जाएगा। मानेसर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने बताया कि एक दो दिन बाद स्थिति नियंत्रण में आ जाएगी। लोगों से भी अपील है कि प्रशासन का सहयोग करें ताकि अव्यवस्था न हो।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से अंकुर विहार तक बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर, 35 मिनट का सफर सिर्फ 8 मिनट में होगा पूरा

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में मोहना एलिवेटेड मार्ग पर चला PWD का बुलडोजर, ढहाए गए 10 अवैध निर्माण