लाकडाउन का टोल प्लाजा पर दिखने लगा असर
साइबर सिटी में ट्रैफिक जाम के प्रतीक बन चुके खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर लाकडाउन का असर दिखने लगा है। जहां हर समय ट्रैफिक का दबाव रहता था वहीं अब व्यस्त समय में भी खाली-खाली नजर आता है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: साइबर सिटी में ट्रैफिक जाम के प्रतीक बन चुके खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर लाकडाउन का असर दिखने लगा है। जहां हर समय ट्रैफिक का दबाव रहता था वहीं अब व्यस्त समय में भी खाली-खाली नजर आता है। धीरे-धीरे स्थिति गत वर्ष के लाकडाउन जैसी होती जा रही है। तब टोल प्लाजा से निकलने वाले वाहनों की संख्या घटकर चार से पांच हजार तक पहुंच गई थी।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे के खेड़कीदौला टोल प्लाजा से सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 75 से 80 हजार वाहन निकलते हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लाकडाउन लागू किए जाने के बाद से वाहनों की संख्या दिन प्रतिदिन कम होती जा रही है। रविवार को टोल प्लाजा से केवल 23 हजार वाहन निकले। व्यस्त समय में यानी सुबह आठ बजे से 11 बजे एवं शाम पांच बजे से रात आठ बजे के दौरान भी वाहनों का दबाव नहीं दिखा। दबाव कम होने से किसी भी लेन में वाहनों की लाइन नहीं लग रही है। लाकडाउन लागू होने के बाद से दिन प्रतिदिन वाहनों की संख्या कम होती जा रही है। वाहनों की संख्या होने के साथ ही कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रतिदिन 50 फीसद कर्मचारियों से ही काम लिया जा रहा है। कर्मचारी कोविड प्रोटोकाल का सौ फीसद पालन कर रहे हैं या नहीं, इस पर भी नजर रखी जा रही है।
-विनीत सिंह, प्रबंधक, खेड़कीदौला टोल प्लाजा