हैदराबाद पुलिस को सम्मानित करेगी करणी सेना
हैदराबाद में महिला के साथ दुष्कर्म व हत्या करने के आरोपितों का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों का करणी सेना सम्मान करेगी। यही नहीं देश के सभी राज्यों की पुलिस दुष्कर्म के आरोपितों के साथ ऐसा ही सलूक करे इस बारे में सेना मांग करेगी।
संस, सोहना: हैदराबाद में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म व हत्या के आरोपितों का एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मियों का करणी सेना सम्मान करेगी। यही नहीं देश के सभी राज्यों में दुष्कर्म के आरोपितों के साथ ऐसा ही सलूक हो, इस बारे में सेना मांग करेगी। यह जानकारी करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने शुक्रवार को दैनिक जागरण से बातचीत में दी।
अम्मू ने कहा कि तेलंगाना पुलिस की कार्रवाई से पूरा देश खुश है। इस तरह की कार्रवाई के बाद बेटियों की तरफ कोई भी गंदी नजर डालने से पहले दस बार सोचेगा। एनकाउंटर में जितने भी पुलिसकर्मी शामिल थे, उनका करणी सेना जल्द ही सम्मान करेगी। इससे देश के पुलिस का मनोबल बढ़ेगा। वे ऐसी कार्रवाई करने के लिए प्रेरित होंगे। निर्भया कांड के आरोपितों को भी जल्द से जल्द फांसी की सजा सुनाई जाए। यदि तिहाड़ जेल में जल्लाद नहीं है तो वह जल्लाद बनने को तैयार हैं।