न्यायमूर्ति आरके जैन ने किया अदालत परिसर का निरीक्षण
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति व भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष आरके जैन ने रविवार सुबह जिला अदालत का निरीक्षण किया।
जासं, गुरुग्राम: पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति व भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष आरके जैन ने रविवार सुबह जिला अदालत का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके सोंधी से अदालत में क्या-क्या सुविधाएं हैं और क्या सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता है, इस बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने निर्माणाधीन जस्टिस टावर के बारे में भी जानकारी हासिल की।
आठ मंजिला टावर का निर्माण जिला अदालत के सामने ही किया जा रहा है। 50 फीसद निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि अगले एक साल के भीतर निर्माण पूरा हो जाएगा। यही नहीं जस्टिस टावर के नजदीक ही अधिवक्ताओं के लिए चैंबर का निर्माण हो, इस बारे में चर्चा की। इस मौके पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रदीप चौधरी, जिला उपायुक्त अमित खत्री, पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य प्रवेश यादव, अजय चौधरी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मीर सिंह यादव, सचिव कमलजीत कटारिया एवं पूर्व अध्यक्ष संतोख सिंह आदि उपस्थित थे।