भाजपा सरकार में लगातार बढ़ रही महंगाई: सुधीर चौधरी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुधीर चौधरी गैस सिलेंडर पर 150 रुपये बढोत्तरी की आलोचना की।
जागरण संवाददाता, मानेसर: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुधीर चौधरी गैस सिलेंडर पर 150 रुपये बढ़ोतरी की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो रही हैं। महंगाई दर बढ़कर 7.59 फीसद पर पहुंच गई है। हर कोई परेशान है मगर भाजपा नेताओं को लोगों की पीड़ा नहीं नजर आ रही है। सुधीर चौधरी ने यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा वर्ष 2014 में गैस सिलेंडर की कीमत बिना सब्सिडी के 414 रुपये थी। अब साढ़े पांच साल में गैस सिलेंडर की कीमत 858.50 रुपये हो गई है। गैस सिलेंडर की कीमत पिछले एक साल में 200 रुपये बढ़ चुकी है। यह एक साधारण परिवार पर बड़ा झटका है।
सुधीर चौधरी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार 100 दिन का हिसाब दे रही है। सरकार बताए कि उसने प्रदेश में क्या कार्य किया है। युवाओं को रोजगार के लिए क्या कार्य सरकार की तरफ से किए गए हैं। केवल कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस नेता परमिदर भी मौजूद रहे।