मध्य प्रदेश के विधायकों को लेकर होटल में हाईप्रोफाइल ड्रामा
गुरुग्राम से सटे तावडू में स्थित आइटीसी ग्रैंड भारत होटल एक बार भी सियासी उठापटक का केंद्र बिदु बना।
संवाद सहयोगी, तावडू़ (नूृंह): गुरुग्राम से सटे तावडू स्थित आइटीसी ग्रैंड भारत होटल एक बार फिर सियासी उठापटक का केंद्र बना। मंगलवार रात करीब 11 बजे मध्य प्रदेश नंबर की गाड़ियों से मध्य प्रदेश के आठ विधायक पहुंचे। इसमें एक महिला विधायक भी शामिल थीं। बताया जाता है कि विधायकों को एक भाजपा नेता होटल में लाए थे। रात करीब 12 बजे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह होटल पहुंचे। करीब एक घंटे तक चले हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद कांग्रेसी नेता एक महिला विधायक रमाबाई (बसपा से निलंबित)व तीन कांग्रेसी विधायकों को लेकर चले गए। अन्य विधायक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे होटल से निकले। बताते हैं कि वह बेंगलुरू जाने के लिए वे होटल से निकले थे।
रात में जब कांग्रेसी नेता और विधायकों में कहासुनी हुई, तो जानकारी पर नूंह पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया होटल पहुंचे। इसके बाद माहौल शांत हुआ। दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए भाजपा नेता विधायकों को लालच देकर अपने साथ लाने में जुटे हैं। हालांकि होटल में रात को ठहरे चार विधायकों में से एक ने कहा कि जो विधायक गए, वह अपनी इच्छा से गए हैं। किसी नेता के दबाव में वह नहीं गए हैं। बुधवार सुबह से ही होटल के बाहर मीडियाकर्मी जुट गए। जिला प्रशासन की ओर से पीसीआर खड़ी कर काफी पुलिस कर्मी भी तैनात रहे। दोपहर में विधायकों ने होटल छोड़ा, तो पुलिसकर्मी भी चले गए। हालांकि विधायकों के जाने की पुष्टि किसी की ओर से नहीं की गई।
बता दें कि 14 जनवरी को कर्नाटक के भी कई विधायक यहां पर रोके गए थे। उस वक्त भी कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा पर कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस की सरकार को अस्थिर करने को लेकर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया था। कांग्रेसी नेताओं ने होटल के बाहर प्रदर्शन भी किया था। हालांकि भाजपा नेताओं ने कहा था कि विधायक अंदरूनी लड़ाई के चलते अपनी मर्जी से यहां आए थे।