विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हवाई यात्रा करने वाले बढ़ा रहे हैं कोरोना का खतरा

By JagranEdited By:
Published: Thu, 02 Dec 2021 06:53 PM (IST)

साढ़े पांच महीने बाद जिले में एक बार फिर एक दिन में 19 कोरोना संक्रमित मरीज मिले है। दो दिन ...और पढ़ें

हवाई यात्रा करने वाले बढ़ा रहे हैं कोरोना का खतरा
हवाई यात्रा करने वाले बढ़ा रहे हैं कोरोना का खतरा

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: साढ़े पांच महीने बाद जिले में एक बार फिर एक दिन में 19 कोरोना संक्रमित मरीज मिले है। दो दिन में 30 मरीज मिल चुके हैं। जिले में 13 जून को 19 मरीज मिले थे और उसके बाद दो दिसंबर को 19 मरीज मिले हैं। गुरुग्राम पर कोरोना संक्रमण का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग को दो दिन में करीब एक हजार लोगों की लिस्ट मिली है, जो गुरुग्राम के रहने वाले हैं और फ्लाइट से देश के अन्य शहरों से यात्रा कर के आए हैं। इनमें कुछ विदेश से आए भी शामिल हैं।

गुरुग्राम में हाल के दिनों जो कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं इनमें अधिकतर ऐसे लोग हैं जो फ्लाइट से दूसरे शहरों से गुरुग्राम में आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर मरीज यात्रा करने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार इन लोगों से संपर्क कर रही हैं, और कोरोना की जांच करा रही है।

सिविल सर्जन डा. विरेंद्र यादव का कहना है कि शहर में हर रोज दूसरे शहरों से फ्लाइट यात्रा कर आ रहे हैं और उनमें कोई न कोई कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहा है। जिन लोगों के नाम की लिस्ट आई है उनसे संपर्क कर बात की जा रही है। अगर जांच नहीं कराई है तो जांच कराने के लिए कहा जा रहा है। इसके लिए एक बार फिर एक टीम लगाई है जो देर रात तक यह काम कर रही है। इसमें देखा जा रहा है कौन किन देश और प्रदेश से फ्लाइट द्वारा गुरुग्राम में आया है। सिविल सर्जन का कहना है कि पूरी कोशिश है हम शहर में कोरोना संक्रमण नहीं फैलने देंगे। लगातार अन्य प्रदेशों और विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है और जांच कराई जा रही है।

बृहस्पतिवार को शहर में 19 कोरोना नए मरीज मिले हैं और नौ मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 1,81,728 हो चुकी है और इसमें 1,80,726 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 925 मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग जिले में 21,68,472 लोगों की कोरोना जांच कर चुका है। जिले में इस समय 77 कोरोना मरीज हैं और 74 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे हैं। डा. विरेंद्र ने अपील करते हुए कहा है कि मास्क लगाना न भूलें। अगर शहर वासी यह योगदान कर पाए, तो हम कोरोना को फैलने नहीं देंगे। पांच दिन में मिले मरीज:

28 नवंबर -13

29 नवंबर - 08

30 नवंबर - 11

1 दिसंबर - 11

2 दिसंबर - 19 सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वालों के होंगे चालान

जासं, गुरुग्राम: कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इसके संभावित खतरे को देखते हुए कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन अनिवार्य कर दिया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना और शारीरिक दूरी का पालन सभी को करना होगा। ऐसा नहीं करने वालों के चालान काटे जाएंगे।

यह आदेश उपायुक्त डा. यश गर्ग ने बृहस्पतिवार को दिए। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अनिल विज द्वारा नए वैरिएंट के संक्रमण को रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। सभी विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, बिजनेस कांप्लेक्स, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित भीड़ वाले स्थानों पर इन सावधानियों का पालन होना चाहिए। पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम तथा मार्केट कमेटी द्वारा फेस मास्क नहीं पहनने वालों के चालान काटे जाएंगे। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को कोविड-19 प्रोटोकाल को लेकर निर्धारित स्टैंडर्ड आपरेटिग प्रोसिजर (एसओपी) का गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराना होगा।