चंडीगढ़ जाने वाली चार बसों को अब नहीं जाना होगा आइएसबीटी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गुरुग्राम से चंडीगढ़ जाने वाली हरियाणा रोडवेज की चार बसो
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गुरुग्राम से चंडीगढ़ जाने वाली हरियाणा रोडवेज की चार बसों को अब दिल्ली आइएसबीटी नहीं जाना होगा। ये बसें सीधे धौलाकुआं -आजादपुर मंडी के रास्ते चंडीगढ़ जाएंगी। इससे यात्रियों का काफी समय बचेगा। इन चार बसों में दो साधारण व दो वोल्वो हैं।
इस बात की जानकारी गुरुग्राम के राज्य परिवहन डिपो महाप्रबंधक महावीर प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम से सुबह चार बजे एवं 4:50 बजे चलने वाली साधारण बस दिल्ली आइएसबीटी नहीं जाएंगी। यह बसें गुरुग्राम से चलकर धौला कुआं होते हुए आजादपुर मंडी के रास्ते चंडीगढ़ जाएंगी। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम से चंडीगढ़ जाने वाली दो वोल्वो बसें सुबह 3:30 व सुबह 5:30 बजे गुरुग्राम से चलकर एयरपोर्ट-धौला कुंआ-आजादपुर मंडी, करनाल बाइपास के रास्ते चंडीगढ़ जाएंगी। इन बसों के दिल्ली आइएसबीटी नहीं जाने से यात्रियों का काफी समय बचेगा। महावीर प्रसाद ने बताया कि गुरुग्राम के कुछ यात्री समय की बचत के लिए शताब्दी ट्रेन से जाते हैं, लेकिन कई बार उन्हें इसका टिकट नहीं मिलता। ऐसे यात्रियों को राज्य परिवहन की इन चार बसों से काफी राहत मिलेगी।
गुरुग्राम से प्रतिदिन 20 वोल्वो बसें व 14 साधारण बसें चंडीगढ़ जाती हैं। ये सभी बसें दिल्ली आइएसबीटी होती हुई जाती हैं। जिससे एक से डेढ़ घंटा ज्यादा समय लगता है। यही कारण है कि चार बसों को आइएसबीटी नहीं भेजने का निर्णय लिया गया है।