विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 40 नई इलेक्ट्रिक बसों से आसान होगा सफर, सीधे मेट्रो स्टेशन से जुड़ेंगे क्षेत्र; चेक करें रूट्स

Published: Fri, 25 Sep 2026 11:48 AM (IST)

अक्टूबर के पहले सप्ताह में गुरुग्राम को 40 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी, जिनके रूट निर्धारित कर लिए गए हैं। यह पहल ...और पढ़ें

गुरुग्राम को 40 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। जागरण

गुरुग्राम को 40 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। जागरण

HighLights

  1. अक्टूबर के पहले सप्ताह में गुरुग्राम को मिलेंगी 40 इलेक्ट्रिक बसें।

  2. सार्वजनिक परिवहन बेहतर होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।

  3. सेक्टर-10 और 48 बस डिपो में इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार।

संदीप रतन, गुरुग्राम। साइबर सिटी में अक्टूबर के पहले सप्ताह में गुरुग्राम को पहले चरण में 40 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है। इन बसों के लिए रूट भी निर्धारित कर लिए गए हैं।

अगस्त में एक इलेक्ट्रिक बस का गुरुग्राम में ट्रायल किया जा चुका है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने के साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी।

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सेक्टर-10 और सेक्टर-48 बस डिपो में आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। योजना के अनुसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कुल 200 इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जानी हैं।

खास बात यह है कि रीजनल रूटों में आईएमटी मानेसर सेक्टर-1 से द्वारका मोड़ और द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक बस सेवा प्रस्तावित है।

रूटों की लंबाई 42.8 किलोमीटर

इसके अलावा गुरुग्राम बस स्टैंड से करोल बाग और बल्लभगढ़ बस स्टैंड तक भी बसें चलाने की योजना है। इन रूटों की लंबाई करीब 40 से 42.8 किलोमीटर तक है।

जीएमसीबीएल के सीईओ विश्वजीत चौधरी ने बताया कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में 40 इलेक्ट्रिक बसें गुरुग्राम को मिलेंगी। इसके लिए रूट निर्धारित कर लिए गए हैं।

वर्तमान में जीएमसीबीएल की 150 बसें गुरुग्राम और 50 बसें फरीदाबाद में संचालित हो रही हैं। ये सभी लो फ्लोर सीएनजी आधारित बसें हैं।

चार श्रेणियों में बांटे गए रूट

प्रस्ताव के अनुसार 100 बसों को कुल 20 रूटों पर चलाने की योजना है। इनमें ट्रंक रूट पर 34, प्राइमरी रूट पर 36, सेकेंडरी रूट पर 20 और रीजनल रूट पर 20 बसें प्रस्तावित हैं। ट्रंक रूट में सेक्टर-2 से घाटा गांव-सेक्टर-56, गुरुग्राम बस स्टैंड से एनसीआई एम्स बाढ़सा, सोहना बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन और मानेसर से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन शामिल हैं।

मेट्रो और रेलवे स्टेशनों से जुड़ेंगे क्षेत्र

प्राइमरी रूटों के माध्यम से गुरुग्राम बस स्टैंड से फरुखनगर, भोंडसी जेल, सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-55-56 मेट्रो स्टेशन-एचवीपीएन और इफको चौक मेट्रो स्टेशन से बादशाहपुर तक बस सेवा प्रस्तावित है। गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन से गुरुग्राम बस स्टैंड, महावीर चौक और गोशाला मैदान होते हुए बस सेवा भी प्रस्तावित है। मानेसर सेक्टर-7 से साइबर सिटी तक भी इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी।

नए सेक्टरों और पालम विहार तक सुविधा मिलेगी

सेकेंडरी रूटों में गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से राजीव चौक, गुरुग्राम बस स्टैंड-महावीर चौक-गोशाला मैदान से पालम विहार, सेक्टर-10 से गुरुग्राम बस स्टैंड और सेक्टर-104 से हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक बसें चलाने की योजना है। इससे शहर के नए विकसित हो रहे क्षेत्रों को भी सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- सोनीपत से कश्मीरी गेट ISBT दिल्ली तक दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, 70 रुपये लगेगा किराया; 2 बसों का ट्रायल शुरू