गुरुग्राम की हाईटेक सोसायटी में छत का प्लास्टर गिरा, बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा
गुरुग्राम की ब्रिज ग्लोबल हाइट्स सोसायटी में छत का प्लास्टर गिरने से निवासी सहम गए हैं। इस घटना ने सोसायटी ...और पढ़ें
-1789011121245_m.webp)
छत का प्लास्टर गिरा। जागरण
HighLights
गुरुग्राम सोसायटी में छत का प्लास्टर गिरने से हड़कंप।
निवासियों ने रखरखाव और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
सोसायटी प्रबंधन से तत्काल तकनीकी जांच की मांग।
सतीश राघव, सोहना (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में सेक्टर-33 स्थित ब्रिज ग्लोबल हाइट्स सोसायटी में छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने सोसायटी की व्यवस्थाओं और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टावर 19बी के फ्लैट नंबर 608 में छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस स्थान पर कोई मौजूद नहीं था। घटना के बाद फ्लैट में रहने वाले लोग सहम गए और उन्होंने सोसायटी की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
जांच को लेकर गंभीरता नहीं
रेजिडेंट्स का आरोप है कि सोसायटी में फ्लैट और साझा क्षेत्रों के रखरखाव के नाम पर शुल्क लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद भवन की स्थिति की नियमित जांच को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
वहीं, उनका कहना है कि छत का प्लास्टर गिरना महज एक छोटी घटना नहीं है। यह इस बात का संकेत है कि समय रहते भवन की स्थिति की जांच और आवश्यक मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
निवासियों का कहना है कि रखरखाव में लापरवाही का खामियाजा आखिरकार फ्लैट मालिकों और उनके परिवारों को भुगतना पड़ सकता है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कई बार समस्याओं के स्थायी समाधान के बजाय उन्हें अस्थायी तौर पर ठीक कर दिया जाता है।
बड़ा हादसा होने के बाद जागेगा प्रबंधन
रेजिडेंट्स का कहना है कि सोसायटी प्रबंधन को किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए। यदि छत का भारी प्लास्टर किसी व्यक्ति के ऊपर गिर जाता तो जान भी जा सकती थी। ऐसे में आरडब्ल्यूए और प्रबंधन को घटना की गंभीरता को समझते हुए पूरे टावर की तकनीकी जांच करानी चाहिए।
विशेषज्ञों की टीम से भवन की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच कराकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही जहां भी प्लास्टर या निर्माण संबंधी खामी मिले, वहां स्थायी मरम्मत कराई जाए। सोसायटी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा किसी भी रखरखाव शुल्क या अन्य व्यवस्था से ऊपर होनी चाहिए।
