विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी-बच्चों और दोस्त के सामने PG संचालक को माथे से सटाकर मारी गोली, हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Published: Wed, 09 Sep 2026 05:41 PM (IST)

गुरुग्राम के आचार्यपुरी में पैसों के लेनदेन को लेकर एक रिटायर्ड फौजी ने पीजी संचालक की गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें

गुरुग्राम में पीजी संचालक की गोली मारकर हत्या।

गुरुग्राम में पीजी संचालक की गोली मारकर हत्या।

HighLights

  1. रिटायर्ड फौजी ने पीजी संचालक की गोली मारकर हत्या की।

  2. पैसों के लेनदेन के विवाद में हुई वारदात।

  3. आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार, लाइसेंसी रिवाल्वर बरामदगी जारी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में सेक्टर-14 थाना क्षेत्र के आचार्यपुरी में पैसों के लेनदेन के विवाद में एक रिटायर्ड फौजी ने पीजी संचालक की उसके पत्नी-बच्चों और दोस्त के सामने ही रिवॉल्वर माथे पर सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी।

वारदात मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। गोली मारने के बाद आरोपी ऑटो से दिल्ली भाग गया था, जिसे पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान आचार्यपुरी निवासी 32 वर्षीय हेमंत कौशिक के रूप में हुई है। वह आचार्यपुरी में ही पीजी चलाते थे और घर की तीसरी मंजिल पर पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे।

पुलिस के अनुसार, मामले में पकड़े गए आरोपी की पहचान भिवानी जिले के बामला गांव निवासी अमरजीत ग्रेवाल के रूप में हुई है। वह वर्ष 2024 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुआ था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों की जान-पहचान करीब 5-6 साल पुरानी थी। दोनों की मुलाकात एक कामन दोस्त के जरिए हुई थी।

साढ़े छह लाख रुपये उधार लिए

बताया जा रहा है कि वर्ष 2021 में हेमंत ने मकान और पीजी के काम के लिए अमरजीत से करीब साढ़े छह लाख रुपये उधार लिए थे। इसमें से हेमंत ने किस्तों में कुछ रुपये वापस भी कर दिए थे, लेकिन करीब डेढ़ लाख रुपये बाकी रह गए थे।

इसी बकाया रकम को लेकर अमरजीत लगातार तकादा कर रहा था और कई बार फोन पर भी दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी थी।

मंगलवार शाम करीब सात बजे अमरजीत इसी डेढ़ लाख रुपये की मांग को लेकर हेमंत के घर पहुंचा। हेमंत की पत्नी द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दोनों घर की तीसरी मंजिल पर बैठकर हिसाब-किताब को लेकर बातचीत कर रहे थे। वहां हेमंत की पत्नी, बच्चे और एक दोस्त भी मौजूद थे।

पड़ोसी तुरंत हेमंत को उठाकर कल्याणी अस्पताल ले गए

बातचीत के दौरान दोनों में कहासुनी तेज हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर अमरजीत ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली और पत्नी-बच्चों के सामने ही हेमंत के माथे पर सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही हेमंत खून से लथपथ होकर गिर पड़े।

स्वजन और पड़ोसी तुरंत हेमंत को उठाकर कल्याणी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस, मानेसर क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें आरोपित वारदात के बाद आटो में बैठकर भागता हुआ दिखाई दिया।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपित को दिल्ली और बहादुरगढ़ के रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।

इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवाल्वर अभी बरामद नहीं

वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवाल्वर अभी बरामद नहीं हो सकी है, पुलिस उसको बरामद करने का प्रयास कर रही है। एसीपी ने बताया कि हेमंत के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि माथे से एक गोली मारी गई थी, जो पीछे सिर से आर-पार हो गई।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम को बसाने वाली DLF को शहर की लोकल कंपनी ने पछाड़ा, हाथ से निकली नोएडा में ₹1839 करोड़ की जमीन