स्पा सेंटरों में देह व्यापार पर कसेगा शिकंजा, गुरुग्राम में अब लापरवाह पुलिस अफसरों की खैर नहीं!
गुरुग्राम में स्पा सेंटरों में देह व्यापार मिलने पर अब सिर्फ संचालक ही नहीं, बल्कि संबंधित थाना पुलिस पर भी ...और पढ़ें

स्पा सेंटर में देह व्यापार पर कसेगा शिकंजा। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार मिला तो अब सिर्फ संचालक ही नहीं, बल्कि संबंधित थाना पुलिस पर भी गाज गिरेगी।
पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज ने गुरुवार को सख्त आदेश जारी करते हुए कहा कि स्पा/मसाज सेंटरों में अवैध गतिविधि पाए जाने पर लापरवाह पुलिसकर्मी और उसके अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मसाज की आड़ में कोई अवैध धंधा
पुलिस आयुक्त ने सभी डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को लिखित निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे स्पा सेंटरों पर विशेष निगरानी रखें और नियमित चेकिंग करें। चेकिंग के दौरान यह पुख्ता किया जाए कि मसाज की आड़ में कोई अवैध धंधा न चल रहा हो।

डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी भी अपने अधिकार क्षेत्र में स्पा सेंटरों का रैंडम और औचक निरीक्षण करेंगे। इसका मकसद थाने स्तर पर हो रही चेकिंग को परखना और यह देखना है कि आयुक्त के निर्देशों का जमीन पर कितनी गंभीरता से पालन हो रहा है।
आयुक्त ने साफ किया है कि निरीक्षण में यदि किसी स्पा सेंटर में देह व्यापार या कोई अन्य अवैध गतिविधि सामने आती है तो तत्काल केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए। इसे किसी भी सूरत में नजरअंदाज न किया जाए।
आयुक्त ने चेतावनी दी है कि यदि बाद में कहीं अवैध गतिविधि उजागर होती है और यह पाया जाता है कि स्थानीय थाने ने चेकिंग में लापरवाही बरती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के साथ-साथ उसके सीनियर अधिकारी की भी जवाबदेही तय होगी।
