विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में 87 जर्जर भवनों पर चलेगा निगम का बुलडोजर, एक्शन से पहले लोगों में मचा हड़कंप

Published: Fri, 16 Oct 2026 04:53 PM (IST)

गुरुग्राम नगर निगम ने शहर में 87 जर्जर और असुरक्षित भवनों की पहचान की है। इनमें से 66 भवन मालिकों ...और पढ़ें

अवैध भवनों पर बुलडोजर गरजेगा।

अवैध भवनों पर बुलडोजर गरजेगा।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में जर्जर और असुरक्षित इमारतों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है।

निगम क्षेत्र में किए गए सर्वे के दौरान 87 ऐसे भवनों की पहचान की गई है, जिन्हें असुरक्षित माना गया है। इनमें से 66 भवन मालिकों को शो काज नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि बाकी भवनों के मालिकों को नोटिस देने की प्रक्रिया जारी है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित भवनों को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

जोन-1 में सबसे ज्यादा 35 असुरक्षित भवन

नगर निगम के सर्वे में सभी छह जोन में खतरनाक भवन सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक 35 भवन जोन-1 में चिह्नित किए गए हैं। जोन-2 में चार, जोन-3 में 12, जोन-4 में नौ, जोन-5 में 18 और जोन-6 में नौ भवन असुरक्षित पाए गए हैं। इन इमारतों की पहचान के बाद निगम ने संबंधित मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की है।

नोटिस के बाद पूरी होगी कार्रवाई की प्रक्रिया

निगम की ओर से भवन मालिकों को नोटिस जारी कर आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। शेष भवनों को भी नोटिस दिए जाएंगे। सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद असुरक्षित भवनों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। जर्जर इमारतों के गिरने से राहगीरों, आसपास रहने वाले लोगों और संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। ऐसे में इन भवनों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करना जरूरी है।

नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता : निगमायुक्त

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में असुरक्षित और खतरनाक भवनों के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सर्वे के माध्यम से ऐसे भवनों की पहचान की गई है और संबंधित मालिकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और खतरनाक भवनों से जुड़े संभावित जोखिमों को कम करना है।