गढ़ी हरसरू में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर राज मिस्त्री की दर्दनाक मौत, सुरक्षा मानकों पर सवाल
गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में एक निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर 50 वर्षीय राज मिस्त्री राम अवतार की ...और पढ़ें

गढ़ी हरसरू में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर राज मिस्त्री की दर्दनाक मौत, सुरक्षा मानकों पर सवाल ( एआई जेनरेटेड फोटो)
HighLights
गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में निर्माणाधीन इमारत पर हादसा।
50 वर्षीय राज मिस्त्री राम अवतार की मौत हुई।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच कर रही पुलिस।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-93 चौकी क्षेत्र के गढ़ी हरसरू में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर 50 वर्षीय राज मिस्त्री राम अवतार की मौत हो गई। वह मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले थे और कई वर्षों से परिवार के साथ गढ़ी हरसरू में रहकर राज मिस्त्री का काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब नौ बजे राम अवतार इमारत की तीसरी मंजिल पर काम कर रहे थे। इस दौरान ईंट, रोड़ी-बजरी ऊपर ले जाने के लिए लगी ट्राली का पूरा सेटअप अचानक टूटकर नीचे गिर गया।
हादसे में आई गंभीर चोट
ट्राली के साथ ही राम अवतार भी संतुलन खोकर नीचे आ गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास काम कर रहे अन्य श्रमिकों ने तुरंत उन्हें उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली : पुलिस
पुलिस का कहना है कि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। बता दें कि 15 दिन पहले भी इसी तरह की घटना बादशाहपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। इस हादसे में भी एक श्रमिक की मौत हो गई थी।
