गुरुग्राम में पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, स्वजन CCTV दिखाने और ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े
गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल के पास शुक्रवार रात एक पिकअप की टक्कर से 24 वर्षीय युवक तपिश कुमार ...और पढ़ें

हंगामे की सूचना पर पहुंची सेक्टर नौ थाना पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत किया और सभी को थाने ले गए।
HighLights
गुरुग्राम में पिकअप की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की मौत।
स्वजनों ने सीसीटीवी और आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया, जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल के पास शुक्रवार रात पिकअप की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार दोपहर घटना को लेकर पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए स्वजन ने अस्पताल के पास सड़क पर हंगामा किया। स्वजन सीसीटीवी देखने और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हंगामे की सूचना पर पहुंची सेक्टर नौ थाना पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत किया और सभी को थाने ले गए।
मृतक की पहचान तपिश कुमार के रूप में हुई है। तपिश मूल रूप से नेपाल के बाजुरा शहर का रहने वाला था और कई सालों से परिवार के साथ गुरुग्राम के ज्योति पार्क में रह रहा था। वह सेक्टर-10 अस्पताल के पास एक होटल में कुक का काम करता था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह होटल से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, तभी सिविल अस्पताल के पास पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
आसपास के लोग उसे सिविल अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर रात में ही पिकअप जब्त कर ली। वहीं जांच करते हुए एक आरोपित को भी हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में स्वजन और नेपाली समाज के लोग सिविल अस्पताल के पास जमा हो गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें घटना का सीसीटीवी फुटेज दिखाया जाए और आरोपित चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
हंगामे के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही रुक गई। पुलिस का कहना है कि पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। परिवार को भी इसकी जानकारी दी गई है। अब मामला शांत है।
